Bihar News: हेलिकॉप्टर से चक्कर ख़त्म होते ही जेल का सफ़र!, PM Modi के बयान के निकाले जा रहे सियासी मायने
PM Modi Bihar Visit: बिहार में छठे चरण के मतदान के बाद अब सातवें चरण के लिए चुनावी प्रचार तेज़ हो चुका है। इसी क्रम में पीएम मोदी ने बिहार दौरे के दौरान पाटलिपुत्र लोकसभा सीट और काराकाट लोकसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।
पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 4 जून की शाम को ही महागठबंधन में दरार पड़ जाएगी। राजद वाले कांग्रेस को हार का ज़िम्मेदार बताएंगे। कांग्रेस के लोग हार का ठीकरा पार्टी अध्यक्ष गल्लिकार्जुन खड़गे के सिर फोड़ेंगे।

देश कांग्रेस, राजद और महागठबंधन को कई बार ख़ारिज कर चुका है। पहली बार मतदान करने जाने वाले लोग बिहार में जंगल राज पार्ट-2 से सावधान रहें। उस ज़माने में घर से बाहर निकलना मुश्किल था। मर्डर और लूट जैसी वारदात बिहार की तस्वीर बन गई थी। बिहार को जंगल राज से बाहर NDA सरकार लेकर आई है।
राजद के लोग समाजिक न्याया का मुखौटा लगाते हैं और तुष्टिकरण की सियासत करते हैं। बिहार में पासवान, कुर्मी, कुशवाहा और मुसहर मोदी का परिवार है। 2024 के चुनाव में मोदी ने राजद के मुखौटे को उतारकर बेनकाब कर दिया है। इनकी साजिशों का पर्दाफाश करते हुए विकास के काम किए जाएंगे।
पीएम मोदी ने बिना नाम लिए इशारों इशारों में तेजस्वी यादव सलाखों के पीछे भेजने का इशारा भी कर दिया। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर से चक्कर लगाने का वक्त पूरा होते ही जेल का रास्ता तय करना पड़ेगा। आपको बता दें कि तेजस्वी यादव इन दिनों हेलिकॉप्टर के ज़रिए चुनावी सभा करते हुए सुर्खियों में छाए हुए हैं।
तेजस्वी यादव का कभी हेलिकॉप्टर में मछली खाते, संतरा खाते, जूस पीते और हाल ही में 200 चुनावी सभा पूरा करने का जश्न मनाते हुए केक काटने का वीडियो वायरल हुआ था। भाजपा और एनडीए नेता तेजस्वी की हेलिकॉप्टर यात्रा पर निशाना साधते रहे हैं। अब पीएम मोदी ने भी बिना नाम लिये तेजस्वी पर ज़ुबानी हमला बोल दिया है।
पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि गरीबों को लूटकर नौकरी के बदले जिन्होंने ज़मीन ली है। मैं बिहार के लोगों को गारंटी देता हूं कि उन लोगों के जेल जाने का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। एनडीए सरकार बिहार लूटने वालों को छोड़ेगी नहीं। हेलिकॉप्टर से चक्कर लगाने का वक्त पूरा होते ही जेल का रास्ता तय करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications