Lok Sabha Chunav 2024: भाजपा में 13 रिपीट, 3 बेटिकट, इन 3 चेहरों की वजह से दिग्गज हुए साइड
Bihar BJP Candidate List: लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र एनडीए गठबंधन के समझौते के मुताबिक भाजपा ने सभी 17 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बिहार की 17 सीटों में भारतीय जनता पार्टी ने 13 पुराने चेहरे पर दांव खेला है तो वहीं 3 को बेटिकट कर दिया है।
बिहार में भाजपा ने जिन्हें बेटिकट किया है, उसमें दिग्गज चेहरा अश्विनी चौबे का है, जो कि बक्सर से दो बार सांसद रहे चुके हैं। इस बार पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार नहीं बनाया है। अश्विनी चौबे की जगह पर पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी (गोपालगंज की बैकुंठपुर) को टिकट दिया गया है।

भाजपा के दिग्गज नेता अश्विनि चौबे का पार्टी नेता ही विरोध कर रहे थे। सूत्रों की मानें को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी भी उनसे ख़फ़ा थे। अश्विनी चौबे पर आरोप था कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र का विकास नहीं किया। पार्टी नेता और कार्यकर्ता ही उनके खिलाफ़ हो गए थे। इस वजह से उनका टिकट काट दिया गया।
मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद को भी भाजपा ने इस बार बेटिकट कर दिया है। उनकी जगह पर राजभूषण निषाद को भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। सासाराम लोकसभा सीट से छेदी पासवान को भी बेटिकट कर दिया गया है। छेदी पासवान की जगह भाजपा ने शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने 13 पुराने चेहरों पर फिर से दाव खेला है, इसमें बिहार के पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से रामकृपाल यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। सारण लोकसभा सीट से राजीव प्रताप रुडी को भाजपा ने टिकट दिया है। महाराजगंज लोकसभा सीट से जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पर पार्टी ने दांव खेला है।
मधुबनी लोकसभा सीट से अशोक कुमार यादव को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। अररिया लोकसभा सीट से प्रदीप कुमार सिंह को टिकट दिया गया है। उजियारपुर लोकसभा सीट से नित्यानंद राय को उम्मीदवार बनाया गया है।
दरभंगा लोकसभा सीट से गोपालजी ठाकुर को टिकट दिया गया है। बेगूसराय लोकसभा सीट से गिरिराज सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पटना साहिब लोकसभा सीट से रविशंकर प्रसाद को टिकट मिला है।
आरा लोकसभा सीट से आरके सिंह को भाजपा ने फिर से उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से संजय जायसवाल को टिकट मिला है। पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट से राधामोहन सिंह को उम्मीदवार बनाया है। औरंगाबाद लोकसभा सीट से सुशील सिंह को फिर से टिकट मिला है।












Click it and Unblock the Notifications