बिहार कांग्रेस में फूट के आसार, विधायक दल के नेता दिल्ली तलब
बिहार में चल रही महा गठबंधन सरकार के टूटने के बाद बिहार कांग्रेस कई तरह की अफवाह उड़ाई जाने लगी कि बिहार कांग्रेस अब टूट के कगार पर पहुंच चुका है।
पटना। बिहार में चल रही महागठबंधन सरकार के टूटने के बाद कई तरह की अफवाहें उड़ाई जाने लगीं कि बिहार कांग्रेस अब टूट के कगार पर पहुंच चुका है। इसी टूट की खबर के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह को दिल्ली तलब किया गया और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बुलावे पर सदानंद सिंह दिल्ली निकल गये हैं। वह आलाकमान के सामने बिहार कांग्रेस की हालात बताएंगे।

ऐसा कहा जा रहा है कि आलाकमान को यह सूचना मिली थी कि सदानंद सिंह के द्वारा पार्टी में टूट का नेतृत्व किया जा रहा है। उनके आवास पर कांग्रेस के नाराज विधायक को रोजाना बैठक कर रहे थे। इसी वजह से सदानंद सिंह को पार्टी के आलाकमान ने बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के 10-12 विधायक पार्टी में टूट के लिए बकायदा तैयार भी हो गए हैं लेकिन दल-बदल कानून से बचने के लिए 18 विधायकों की सहमति की जरूरत है। वहीं बिहार कांग्रेस में कुल 27 विधायक है।
ऐसा कहा जा रहा है कि कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास करीबी हैं। बिहार कांग्रेस में टूट की खबर तब सामने आई थी जब बिहार सरकार के मंत्री ललन सिंह ने सदानंद सिंह के आवास पर जाकर मुलाकात की थी। हलांकि उस वक्त इस बात को सभी ने नकार दिया लेकिन धीरे धीरे यह बात चर्चा में आती रही।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बिहार कांग्रेस में टूट की खबर सामने आई थी जिसके बाद पार्टी के आलाकमान के आदेश पर पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और जेपी अग्रवाल बिहार आए थे और विधायकों के साथ बैठक करते हुए मंथन भी किया था। फिर दोनों नेताओं ने पार्टी को यहां की रिपोर्ट सौंपी। इसके बाद पार्टी के आलाकमान ने बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह को दिल्ली बुलाया है। सदानंद सिंह कांग्रेस के सबसे पुराने नेता है और बिहार के भागलपुर कहलगांव से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि बिहार में महा गठबंधन की सरकार टूटने से यह सभी विधायक नाखुश है।












Click it and Unblock the Notifications