आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार को बताया लालची और अवसरवादी, बड़ी बातें...
लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर हत्या का केस चल रहा है।
रांची (झारखंड)। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोलते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नीतीश कुमार ने जिस तरह से महागठबंधन को ठेंगा दिखाते हुए आरजेडी का साथ छोड़ा और बीजेपी के समर्थन से मुख्यमंत्री बनें, उस पर लालू यादव ने पलटवार किया है।
नीतीश के सीएम बनते ही लालू यादव ने किया पलटवार
लालू यादव ने नीतीश कुमार अवसरवादी और लालची बताया है। लालू यादव ने कहा कि नीतीश ने बिहार की जनता की पीठ में छूरा भोंका है। उन्होंने छल किया है। लालू यादव के संबोधन की बड़ी बातें...

'नीतीश कुमार पर हत्या केस'
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर हत्या का केस चल रहा है। 1991 में सीताराम सिंह की हत्या हुई थी। 26 साल पुराना हत्या का मामला है। नीतीश कुमार की स्थिति ये हो गई है कि ये उनका अंतिम है- 'विनाश काले विपरीत बुद्धि'।
Recommended Video


'तेजस्वी तो बहाना था, बीजेपी की गोद में जाना था'
लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि तेजस्वी तो एक बहाना था, उन्हें बीजेपी की गोद में जाना था। नीतीश कुमार ने वोट देने वालों को छूरा भोंका है। बिहार चुनाव के दौरान डीएनए वाले मुद्दे पर लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के डीएनए सैंपल का प्रधानमंत्री मोदी ने भुजिया बनाया।

लालू ने नीतीश को बताया भस्मासुर
आरजेडी सुप्रीमो ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने नीतीश कुमार का राजतिलक किया, कहा कि जाओ राज करो, मुझे कोई लालच नहीं था। मेरे पास 80 विधायक थे, अगर मेरे मन में खोट होता तो नीतीश सीएम नहीं बनते। लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार तो भारी भस्मासुर निकले। ये बीजेपी-आरएसएस की फिक्सिंग थी। उन्होंने मेरे साथ छल किया।

'नीतीश के कफन में झोला है'
लालू यादव ने नीतीश कुमार के उस बयान पर भी हमला किया जिसमें उन्होंने कहा था कि कफन में जेब नहीं होती। नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफे के बाद पहली टिप्पणी करते हुए बुधवार को ये टिप्पणी की थी। इसी के जवाब में लालू यादव ने कहा कि आपके कफन में तो झोला है। बिहार बहुत जागरुक राज्य है। बिहार की जनता नीतीश कुमार के फैसलों से नाराज है।

'सुशील मोदी के साथ मिलकर रची साजिश'
नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए लालू यादव ने कहा कि उन्होंने मेरे खिलाफ सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय से केस कराया। सुशील मोदी के साथ मिलकर नीतीश ने साजिश रची। सुशील मोदी, नीतीश कुमार के स्टेपनी हैं। सुशील मोदी ने बड़े-बड़े घोटाले किए हैं। नीतीश कुमार ने कभी तेजस्वी यादव का इस्तीफा नहीं मांगा।

'सुप्रीम कोर्ट जाने पर कर रहे विचार'
लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार कुर्सी के लालची और अवसरवादी नेता हैं। लालू यादव ने कहा कि हम कोर्ट में जाने पर विचार कर रहे हैं। आरजेडी प्रदेश सबसे बड़ी पार्टी थी, सरकार बनाने का दावा किया गया था, हमें 11 बजे का समय दिया गया था। हमें पहले मौका मिलना चाहिए था। हम इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। गवर्नर ने हमारी सरकार को पहले सरकार बनाने के लिए क्यों नहीं बुलाया?












Click it and Unblock the Notifications