लालू यादव ने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निकाला, घर-परिवार से भी किया बेदखल,जानें क्या कहा?
Lalu Yadav Expels Son Tej Pratap: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। सिर्फ पार्टी से ही नहीं परिवार से भी बेदखल कर दिया है। लालू यादव ने ये फैसला तेज प्रताप यादव के बीते दिन रिलेशनशिप के ऐलान के बाद लिया है। तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव नाम की गर्लफ्रेंड के साथ अपनी तस्वीर शेयर की थी और कहा कि कई सालों से वो दोनों रिलेशनशिप में हैं। जिसके बाद उन्होंने सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया है। खैर, अब लालू यादव ने उनको पार्टी-परिवार से निकाल कर इस बात पर मुहर लगा दी है कि तेज प्रताप का अफेयर था। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि तेज प्रताप 'अपने निजी जीवन का भला -बुरा खुद समझ सकते हैं।
लालू प्रसाद यादव ने 25 मई को एक्स पर कहा, ''निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र (तेज प्रताप) की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।''

उन्होंने कहा, ''अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।''
तेज प्रताप के निकाले जाने पर क्या बोले छोटे भाई तेजस्वी यादव?
तेज प्रताप के छोटे भाई और आरजेडी के चेहरे तेजस्वी ने कहा कि जहां तक उनका सवाल है, ऐसी चीजें "बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।'' तेज प्रताप ने कहा,
"हम अपना काम कर रहे हैं, हम बिहार के लिए समर्पित हैं और हम लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं। जहां तक मेरे बड़े भाई का सवाल है, राजनीतिक जीवन और निजी जीवन अलग-अलग हैं। उन्हें अपने निजी फैसले लेने का अधिकार है। वह एक वयस्क हैं और फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। हमारी पार्टी के प्रमुख ने यह स्पष्ट कर दिया है।"
तेज प्रताप और कथित 'गर्लफ्रेंड' अनुष्का यादव और विवाद
तेज प्रताप को पार्टी से बाहर करने के विवाद के केंद्र में एक सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसे अब हटा दिया गया है। तेज प्रताप यादव के फेसबुक प्रोफाइल से 24 मई को एक महिला के साथ उनकी तस्वीर शेयर की गई। पोस्ट में महिला की पहचान अनुष्का यादव के रूप में की गई है और कहा गया है कि वह और तेज प्रताप 12 साल से रिलेशनशिप में हैं।
पोस्ट में लिखा गया था,
"मैं तेज प्रताप यादव हूं और इस तस्वीर में मेरे साथ जो लड़की दिख रही है, उसका नाम अनुष्का यादव है। हम दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं। इन सालों में हम रिलेशनशिप में रहे हैं। मैं यह बात आप सभी के साथ लंबे समय से शेयर करना चाहता था, लेकिन सही समय नहीं मिल पा रहा थ। आज इस पोस्ट के जरिए मैं अपने दिल की बात आप सभी के सामने रख रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि आप सभी इसे समझेंगे।"
इस पोस्ट पर लोगों ने खूब कमेंट किया और पूछा कि अगर तेज प्रताप पहले से रिलेशनशिप में हैं, तो उन्होंने 2018 में बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से शादी क्यों की। शादी के कुछ महीने बाद ही तेज प्रताप और ऐश्वर्या अलग हो गए थे।
फेसबुक पोस्ट पर चर्चा शुरू होने के कुछ समय बाद ही इसे हटा दिया गया। तेज प्रताप ने दावा किया कि उनका प्रोफाइल हैक हो गया है। वायरल पोस्ट का हवाला देते हुए तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, "मेरा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक कर लिया गया और मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट किया गया।"












Click it and Unblock the Notifications