लालू ने नीतीश पर कसा तंज, कहा-'चूहे के बाद क्या अब घड़ियाल ने तोड़ दिया बांध'
पटना। उद्घाटन होने से पहले ही बांध टूटने को लेकर बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। इस मामले में विपक्ष ने मौजूदा सरकार पर हमला बोला है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार और उनके विभागीय मंत्री ललन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे पहले बांध टूटा था तो नीतीश सरकार और उनके मंत्री चूहों पर इसका आरोप लगा दिए थे अब क्या किसी घड़ियाल ने बांध को अपने नाखून से मारकर तोड़ दिया है। यह बांध था या बतासा जो पानी आते ही गल गया।

लालू यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि न तो बांध की मरम्मत हुई थी और ना ही सही तौर पर इसे बनाया गया था इसीलिए उद्घाटन से पहले यह टूट गया। इस मामले में बिहार के जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने कहा कि योजना 1977 की नहर प्रणाली का निर्माण 1985-88 से हो रहा था। 1985 के बने नहर का 32 साल बाद उद्घाटन हुआ ऐसे में हमसे चुक हुई थी कि हमने नहर को चेक नहीं किया था इसके वजह से वह धराशायी हो गया।
इस बांध के टूटने के कारण को बताते हुए मंत्री ललन सिंह ने बताया कि नहर बनने के बाद NTPC ने सुरंग खोदकर अंडरपास बनाया था जिससे नहर कमजोर हो गई। इस मामले की जांच की जा रही है और जो भी लोग दोषी होंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। आपको बताते चलें कि कल शाम बिहार के कहलगांव भागलपुर में बटेश्वर में गंगा पंप नहर योजना के उद्घाटन से पहले ही बांध धराशायी हो गया जिसके बाद बिहार सरकार पर विपक्षी दलों में जोरदार हमला बोलना शुरु कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications