'कुछ नेताओं को घर में बंद कर दो', ललन सिंह के बयान पर बवाल के बाद EC ने दर्ज की FIR, बचाव में JDU ने क्या कहा?
Mokama Election 2025 (Lalan Singh FIR): बिहार की सियासत इन दिनों मोकामा से निकलकर पूरे राज्य में गूंज रही है। केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के एक वीडियो ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। वीडियो में वे कथित तौर पर कहते दिख रहे हैं, "यहां कुछ नेता हैं, जिन्हें चुनाव के दिन घर से निकलने मत दीजिएगा, घर में ही बंद कर दीजिएगा। जब हाथ-पैर जोड़ें तो कहिए हमारे साथ चलकर वोट दीजिए और फिर घर में बैठ जाइए।"
जैसे ही यह वीडियो सामने आया, विपक्षी दल राजद ने इसे आचार संहिता उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत कर दी। मामला बढ़ा तो चुनाव आयोग ने जांच के बाद ललन सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दे दिया। इसके बाद पटना जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

RJD ने EC से पूछा सवाल -'कहां है मरा हुआ आयोग?'
राजद ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए ललन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने लिखा, "केंद्रीय मंत्री ललन सिंह खुलेआम कह रहे हैं कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है! आयोग आखिर सो क्यों रहा है?" राजद के मुताबिक, यह बयान लोकतंत्र के खिलाफ है और सीधे-सीधे मतदाताओं को डराने की कोशिश है।
JDU का पलटवार -'वीडियो एडिटेड है, सच्चाई तोड़-मरोड़ कर पेश की गई'
विवाद बढ़ने के बाद जदयू ने बचाव में उतरते हुए कहा कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि, "ललन सिंह उस क्षेत्र के सांसद हैं। उन्होंने किसी को रोकने की बात नहीं कही। विपक्ष ने वीडियो को काट-छांट कर पेश किया है ताकि भ्रम फैलाया जा सके।" नीरज कुमार के मुताबिक, ललन सिंह सिर्फ इतना कह रहे थे कि "अगर कोई नेता वोट देने जा रहा है, तो उसे साथ लेकर जाइए।"
ललन सिंह का बयान -'अनंत सिंह की गिरफ्तारी साजिश, हर व्यक्ति अनंत बने'
मोकामा में अपने भाषण के दौरान ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह की गिरफ्तारी के पीछे एक साजिश है। उन्होंने कहा, "अब हर व्यक्ति को अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़ना चाहिए। जब वे बाहर थे, तो मेरी जिम्मेदारी कम थी, लेकिन अब जब वह जेल में हैं, तो मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पुलिस जांच कर रही है और सच्चाई बहुत जल्द सामने आएगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि दुलारचंद यादव की हत्या की घटना अपने आप नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे षड्यंत्र है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि "सभी षड्यंत्रकारियों का चेहरा सामने आना चाहिए।"
रोड शो में बवाल -सम्राट चौधरी और ललन सिंह पर एक और केस
मामला यहीं नहीं रुका। मोकामा में हुए जदयू रोड शो में ललन सिंह और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के खिलाफ एक और केस दर्ज हुआ। आरोप है कि दोनों नेताओं के रोड शो में तय सीमा से ज्यादा गाड़ियां शामिल थीं। प्रशासन की अनुमति सिर्फ 10 गाड़ियों की थी, जबकि काफिले में 48 गाड़ियां निकलीं।पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने पुष्टि की कि अनुमति से अधिक गाड़ियां चलाने पर केस दर्ज किया गया है और कई वाहनों को जब्त भी किया गया है।
अनंत सिंह जेल में, प्रचार की कमान अब ललन के हाथ में
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में हैं। ऐसे में ललन सिंह ने खुद उनके प्रचार की कमान संभाली है। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी लगातार मैदान में डटे हुए हैं। लेकिन अब लगातार बढ़ते विवादों के चलते यह प्रचार अभियान भी कानूनी पेचों में उलझ गया है।
ललन सिंह के इस बयान ने बिहार चुनाव के माहौल में नई गर्मी ला दी है। एक तरफ विपक्ष इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जा रहा है, वहीं जदयू इसे राजनीतिक साजिश बता रही है। अब देखना यह होगा कि चुनाव आयोग की आगे की कार्रवाई क्या होती है और इस बयान का असर मोकामा से लेकर पटना तक किस हद तक दिखता है।












Click it and Unblock the Notifications