बिहारः लखीसराय में 17 घंटे तक 15 वर्षीय बच्ची के साथ तीन युवकों ने किया गैंगरेप
लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले के तेतरहट थाना क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के तीन लोगों ने 17 घंटे तक बांधकर बारी-बारी से रेप किया। इस दौरान जब पीड़िता ने विरोध किया तो उससे मारपीट भी की। वारदात के दौरान बच्ची चिखती-चिल्लाती रही लेकिन दरिंदों पर उसका कोई असर नहीं हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद युवकों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर किसी को भी घटना के बारे में बताया तो उसके पूरे परिवार को जान से मार देंगे। गैंगरेप के मामले को लखीसराय महिला थाने में दर्ज कराया गया है।

वहीं मामले को लेकर महिला थाना अध्यक्ष रीता कुमारी ने बताया कि नाबालिग से गैंगरेप के मामले में पीड़िता की जांच कराई गई है। तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। बीते बुधवार को पीड़िता शौच के लिए सुबह 5 बजे अपने घर से निकली थी। इसी दौरान गांव में ही बोरिंग के पास नीतीश सिंह, चंदन सिंह और रामानुज सिंह ने उसका हाथ पकड़ लिया। फिर उसका मुंह बंदकर एक मकान में ले गए। वहां कमरे में रात 10 बजे तक बंधक बनाकर रखा और कई बार रेप किया।
पीड़िता के चेहरे पर जख्म के भी निशान हैं। रात के 10 बजे आरोपितों ने पीड़िता को छोड़ा। इसके बाद पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामले में तीनों आरोपित रामजी सिंह के पुत्र नीतीश, सीमा सिंह का बेटा चंदन सिंह और बदन सिंह का बेटा रामानुज सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। ये तीनों इलाके के दबंग हैं। इसलिए पीड़िता के घरवाले दहशत में हैं।
परिजनों ने बताया कि आरोपितों ने उनकी बेटी को धमकी दी थी कि अगर घटना के बारे में किसी को बताया तो पूरे परिवार को मार डालेंगे। मां का कहना है कि तीनों आरोपितों की नजर उसकी बेटी पर काफी दिन से थी। फिलहाल तीनों आरोपित गैंगरेप को अंजाम देने के बाद से फरार हैं।












Click it and Unblock the Notifications