लखीसरायः लूट के दौरान बुजुर्ग दंपति की हत्या, पुलिस कर रही है मामले की जांच
लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार की देर रात को बुजुर्ग दंपति के सिर पर हमला कर निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया। आशंका जताई जा रही है कि डकैती के दौरान हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया होगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक का घर रामपुर गांव में एनएच 80 के किनारे स्थित है। मृतक की पहचान सुरेश सिंह और उनकी पत्नी जगतारण देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश सिंह रामपुर में हाई स्कूल के रिटायर शिक्षक थे। पति-पत्नी की उम्र 70 साल बताई जा रही है। मृतक दंपति का एक बेटा है, जो मुंबई में रहता है।

वहीं उनकी बहू सूर्यगढ़ा में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर काम करती है। इसके अलावा उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि दंपति की हत्या करने वाले अपराधी घर के पिछले हिस्से की क्षतिग्रस्त खिड़की से अंदर दाखिल हुए थे और वारदात को अंजाम दिया था। घर का मेन गेट बंद था। सुबह देर तक जब दोनों लोग घर से बाहर नहीं निकले तो आस-पड़ोस के लोगों को शंका हुई और दोनों की हत्या हो जाने की जानकारी हुई।
इधर, बताया जा रहा है कि मृतक का पुत्र भी छठ पर्व के मौके पर घर आया हुआ है। वह अपनी पत्नी के घर सूर्यगढ़ा में रविवार की रात को मौजूद था। सुबह जब लोगों से उसके माता-पिता की हत्या हो जाने की जानकारी मिली तो वे गांव आए हैं। उन्होंने फिलहाल हत्या के सभी कारणों से अनभिज्ञता जाहिर की है। वही ग्रामीण सूत्रों की माने तो दो-तीन दिन पूर्व रिटायर्ड शिक्षक ने बैंक से पैसों की भी निकासी की थी वही मृतका पत्नी मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर थी और अमूमन घर को सुरक्षित रूप से छोड़कर कहीं भी चली जाती थी। हालांकि मौत का क्या कारण है, इस बारे में पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications