बिहारः रातों-रात कक्षा 6 के दो छात्र बने करोड़पति, खाते में आए 960 करोड़ रुपये
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड के पस्तिया गांव में लोग अचानक से बैंकों की लाइन में लगकर अपना बैलेंस चेक करने लगे। क्योंकि गांव के रहने वाले दो स्कूली बच्चों के खाते में रातों-रात इतनी रकम खाते में आ गई, जितनी किसी अमीर व्यक्ति के भी खाते में नहीं होती है। बच्चों के बैंक खाते में इतनी बड़ी राशि आने के बाद से पूरे इलाके में लोग अपना बैलेंस चेक करने लगे।

छात्रों के खाते में आए करोड़ों रुपये
बुधवार की शाम से ही गांव का हर व्यक्ति अपने खाते का बैलेंस चेक कर रहा है। दरअसल, पूरा मामला यह है कि उत्तरी बिहार ग्रामीण बैंक में खाता धारक कक्षा 6 में पढ़ने वाले दो बच्चों के खाते में एक साथ करोड़ों रुपये की राशि आ गई। कक्षा 6 में पढ़ रहे आसित कुमार के खाते में 900 करोड़ जबकि गुरु चरण विश्वास के खाते में 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आ गई।

ड्रेस के लिए आना था पैसा
वैसे तो इन दोनों बच्चों के खाते में ड्रेस के लिए सराकरी पैसा आना था। लेकिन एक साथ इतनी बड़ी राशि देखकर बच्चों के साथ-साथ उनके घरवाले भी हैरान रह गए। ड्रेस की राशि के लिए इन दोनों बच्चों के परिजन गांव के ही इंटरनेट केंद्र पर जब अपना अकाउंट चेक करवाने गए तो चक्कर में पड़ गए। वहां पर मौजूद सभी दूसरे लोग भी बैंक खाते में इतनी बड़ी राशि देखकर हैरान थे।

मामले की होगी जांच
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बैंक के शाखा प्रबंधक मनोज गुप्ता भी इस घटना से हैरान हैं। हालांकि अभी फिलहाल बैंक ने दोनों बच्चों के खाते से भुगतान पर रोक लगाते हुए कहा कि मामले की जांच करने की बात कही है। बैंक ने अपने वरीय पदाधिकारियों को भी इस बारे में सूचना दी है।












Click it and Unblock the Notifications