Katihar Firing पर बिहार पुलिस का दावा, पुलिस की गोली से नहीं हुई मौत, CCTV फुटेज जारी

बुधवार, 26 जुलाई को हुई गोलीबारी की घटना का सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि वीडियो में दिख रहा है कि दोनों मृतकों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी है।
सीसीटीवी सबूत रिलीज करते हुए कटिहार पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान मारे गए दो लोगों की मौत पुलिस गोलीबारी से नहीं हुई है।
Recommended Video
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा, शुक्रवार को पुलिस (घटना स्थल पर) जांच के लिए आई थी। हमने सीसीटीवी कैमरे में कैद विजुअल की जांच की। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक युवक आता है और गोली चलाता है। बंदूक लहराते हुए शख्स को "उस दिशा से आते हुए देखा गया जहां पहली मौत हुई थी।"
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, बंदूकधारी शख्स को दो अन्य लोगों पर भी गोली चलाते और उन्हें घायल करते देखा जा सकता है। दोनों में से एक की बाद में मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस का शक यकीन में बदल गया।
कटिहार के जिला मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने कहा कि अधिकारियों ने मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। उन्होंने कहा, एक एफआईआर बिजली विभाग द्वारा और दूसरी पुलिस द्वारा दर्ज की गई है। पीड़ित सोनू साहू के परिवार की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत को दोनों एफआईआर के साथ जोड़ दिया गया है।
रवि प्रकाश ने कहा, दोनों प्राथमिकियां नामित और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज की गई हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने आरोपियों की पहचान का खुलासा नहीं किया।
उन्होंने बताया कि घटना की आगे की जांच करने के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बता दें कि कटिहार जिले के बारसोई इलाके में बुधवार को गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी। पुलिसकर्मियों और बिजली विभाग के अधिकारियों सहित कई अन्य घायल भी हुए हैं। बेहतर बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन हिंसक होने के दौरान गोली चली।
रिपोर्ट्स के अनुसार खुर्शीद आलम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सोनू कुमार साहू ने कुछ घंटों बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। गोली लगने से घायल एक अन्य व्यक्ति नेयाज़ आलम का पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications