'हम लोग चूहा खाने वाले, अगर उनके पास और..', तेजप्रताप के बयान पर माझी ने कुछ यूं दिया जवाब
Jitan Ram Manjhi: बिहार की राजनीति में इस वक्त मुसहर Vs गड़ेरिया को लेकर वार-पटवार जारी है। जाति को लेकर यह जुबानी जंग पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी और राजद सुप्रीमो लालू यादव के बीच जारी है, जो खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
अब इस विवाद में तेजप्रताप यादव की एंट्री भी हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेजप्रताप यादव ने एक पॉडकॉस्ट में इंटरव्यू के जीतन राम मांझी के बेटे संतोष मांझी का जिक्र किया। तेजप्रताप ने कहा, संतोष मांझी का आवास उनके आवास के बगल में है और वहां से बहुत चूहे आते हैं।

पॉडकॉस्ट में तेजप्रताप यादव ने कहा कि संतोष मांझी के आवास से आए ये चूहे उनकी उगाई सब्जियों को खा जाते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने आवास में सब्जियां उगाते हैं, मगर संतोष मांझी के घर से आने वाले चूहे उसे खा जाते हैं। तेजप्रताप के चूहे वाले इस बयान पर अब जीतन राम मांझी ने तीखा कटाक्ष किया है।
दरअसल, जीतन राम मांझी ने कहा, उनके यहां का चूहा हमारे यहां आता रहता था, इसलिए हम उसे खा गए। हम लोग चूहा खाने वाले हैं। अगर उनके पास और चूहा है तो भेज दीजिए। इतना ही नहीं, मांझी ने कहा कि वैसे अब लालू जी ने तो चूहा खाना छोड़ दिया है, अगर फिर भी उनके यहां कोई 'चूहा' ज्यादा उछल रहा है, तो हमारे यहां भेज दें हम दो मिनट में उसे देख लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications