क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले लड़के को रांची लाई पुलिस तो फफक कर रोने लगा
रांची। गुजरात के कच्छ पहुंची झारखंड पुलिस गुरुवार को क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग को गुजरात के कच्छ से लेकर रांची पहुंची है। बताया जा रहा है कि जब आरोपी को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया तो उसने रोना शुरू कर दिया। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया कि गलती का अहसास होने पर उसने अभद्र टिप्पणी संबंधित पोस्ट को तुरंत डिलीट भी कर दिया था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने पूछताछ में बताया है कि आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का वह बहुत बड़ा फैन है। ऐसे में 7 अक्टूबर को चेन्नई और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को मिली करारी हार के बाद उसे काफी गुस्सा आया था।
मैच में उसे धोनी से काफी ज्यादा उम्मीद थी लेकिन धोनी ने 12 बॉल में सिर्फ 11 रन ही बनाए थे। यही वजह है कि वह धोनी से काफी नाराज था। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए नाबालिग ने यह भी बताया है कि किसी प्रकार की दुश्मनी या प्री प्लान के तहत उसने इंस्टाग्राम पर कोई पोस्ट नहीं किया था।
अन्य कई लोगों का इससे पहले आलोचनात्मक पोस्ट देखने के बाद उसने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। हालांकि उसे खुद भी अपनी गलती का थोड़ी देर बाद ही एहसास हो गया था जिसके बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications