JDU सांसद आलोक सुमन की मांग-पार्टी चाहती है राष्ट्रपति बनें नीतीश कुमार
नई दिल्ली, 11 जून: अगले राष्ट्रपति के लिए जुलाई में चुनाव होना है। इससे पहले नए राष्ट्रपति को लेकर कई नाम राजनीतिक गलियारों में घूम रहे हैं। इसी बीच जेडीयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और गोपालगंज से सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने राष्ट्रपति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम उछाल दिया है। उन्होंने कहा कि, अगर एनडीए राष्ट्रपति पद के लिए सीएम नीतीश कुमार को चुनता है, तो हम इसे पसंद करेंगे।

जेडीयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और गोपालगंज से सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने कहा कि पार्टी चाहती है कि सीएम नीतीश ही राष्ट्रपति बनें। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भागीरथ हैं नीतीश कुमार, उनके एनडीए की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार चयन पर विचार हो। वह दूरदर्शी है और उसके पास काफी अनुभव है, वह 20 साल से राज्य चला रहा है। वह देश को विकास के पथ पर ले जाएंगे। मुझे लगता है कि उसे इस पद पर लाना अच्छा रहेगा।
इससे पहले नीतीश सरकार में मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने यही मांग करते हुए कहा था कि, राष्ट्रपति कैंडिडेट के लिए नीतीश कुमार के नाम की चर्चा होने में कोई आश्चर्य की बात नहीं है। देश बहुत बड़ा है। यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। नीतीश कुमार अनुभवी हैं। उनका लम्बा जीवन सामाजिक और राजनीति करते हुए बीता है। उनके नाम की चर्चा हो रही है, तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
वहीं दूसरी ओर आरजेडी ने भी नीतीश कुमार के राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नीतीश कुमार वरिष्ठ नेता हैं और अनुभवी भी हैं। अगर, बिहार का कोई भी व्यक्ति राष्ट्रपति बनता है तो बिहार के लोगों को खुशी होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को भी शुभकामनाएं है कोई भी कार्यकर्ता अपने नेता को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बनते देखना चाहता है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि नीतीश कुमार राष्ट्रपति बनेंगे कैसे?












Click it and Unblock the Notifications