नीतीश कुमार के विधायक ने डिप्टी सीएम की मौजूदगी में कहा- ऐसे अफसर को पीटने की जरूरत है
पटना। अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले जदयू विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर से चर्चा में हैं। दरअसल, नगर निगम सभागार में गुरुवार को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद शहर के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान जब सिटी मैनेजर की गलती उजागर होने लगी तो जदयू विधायक गोपाल मंडल अपनी सीट से उठे और कहने लगे कि ऐसे अफसर को पीटने की जरुरत है। हम रहते तो यही करते। हालांकि इस दौरान डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने बीच में टोकते हुए कहा कि गोपाली जी, गंभीर मीटिंग हो रही है। इसलिए ऐसा मत बोलिए।

दोबारा मीटिंग के दौरान फिर यह मुद्दा उठा तो विधायक गोपाल मंडल कहने लगे कि लात का देवता बात से नहीं मानता है। हम रहते तो जरूर कूट देते। जब दुबारा उन्हें शांत रहने को कहा गया तो वह अपनी सीट से उठे और यह कहते हुए निकल गए कि इस तरह की बैठक हमारे लिए नहीं है। यहां मान-मनौव्वल हो रहा है। इसके बाद वह बीच बैठक से उठकर बाहर चले गए।
समीक्षा के दौरान डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष जमकर पोल खोला। निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा डंप करने की बात पूरी तरह से झूठ है। कूड़ा शहर के प्रवेश स्थलों पर सड़क के किनारे गिराया जा रहा है। इससे जन जीवन हरियाली के मुख्यमंत्री के अभियान को निगम ने तहस-नहस कर दिया है। चार जेसीबी में तीन खराब हैं। नाला उड़ाही के लिए डेढ़ करोड़ की सेक्शन मशीन में जंग लगी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications