बिहार: महिला JDU नेता हुई लापता, पति ने दर्ज कराया अपहरण का केस
पटना। बिहार के सहरसा जिले की एक युवा महिला जदयू नेता लापता है और पिछले कुछ दिनों से उसका कोई सुराग नहीं है। इस बात को लेकर महिला के पति ने नजदीकी थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया है और आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस जदयू युवा महिला नेता की तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार सहरसा की रहने वाली पंचायत समिति सदस्य व जदयू की महिला युवा नेता ज्योति प्रताप 31 दिसंबर से ही लापता है। पढ़ाई को लेकर घर से पटना निकली थी जिसके बाद वापस नहीं लौटी। घरवालों के द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद जब कहीं उसका पता नहीं चला तो उसके पति राजीव रंजन प्रताप ने अपनी पत्नी की अपहरण हो जाने को लेकर पतरघाट थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। पति ने आशंका जताई है कि कहीं उसकी पत्नी की अपराधियों ने हत्या तो नहीं कर दी है।
इसमें रंजन प्रताप के द्वारा पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया गया है। अपने आवेदन में उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पटना के भाव्याश्री इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग होम (कुम्हरार) में एएनएम की पढ़ाई करती है। गत 31 दिसंबर को वह घर से पटना के लिए निकली, लेकिन अभी तक वह न तो पटना पहुंची और न ही उससे फोन पर बात हो रही है। पति ने कहा है कि कई जगह एवं रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की गई, परंतु उसका कोई पता नहीं चला। कॉल डिटेल के आधार पर पति ने सोनबरसा के प्रेम कुमार, मृत्युंजय कुमार भर्राही मधेपुरा के मनोहर ङ्क्षसह उर्फ नन्हें, बिट्टू कुमार, बंटी कुमार मेहता पर अपहरण का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस एफआईआर के आधार पर जांच-पड़ताल करते हुए प्रताप की तलाश कर रही है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया मामले की जांच-पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही महिला को बरामद कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications