Jan Vishwas Yatra: तेजस्वी यादव के मंच पर ‘शार्प शूटर’, BJP ने साधा निशाना, RJD को लेकर कही ये बात
Jan Vishwas Yatra: गुरुवार को बिहार के सीवान ज़िले में राजद नेता तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा पहुंची। मंच से तेजस्वी यीदव ने संबोधन शुरू किया, इस दौरान मंच पर एक शख्स दिखा, जिसे शार्प शूटर बताया जा रहा है।
तेजस्वी के मंच पर दिखे शख्स का नाम मोहम्मद कैफ (बंटी) बताया जा रहा है। तेजस्वी यादव के मंच पर उस शख्स की तस्वीर वायरल होने पर भाजपा ने राजद को निशाने पर ले लिया है। भाजपा नेता निखिल आनंद ने कहा कि प्रदेश में जो कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है, उसमें राजद का योगदान है।

राजद का नज़रिया और मूल तत्व आज की तारीख में भी वही है। राजद कभी भी खुद को लुम्पेन, आपराधिक और विरकास विरोधी तत्वों से अलग नहीं कर सकती है। शार्प शूटर के साथ तेजस्वी यादव प्रदेश का दौरा करते हुए अपराधियों के साथ मंच साझा कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव के साथ मंच पर दिखा शख्स मोहम्मद कैफ (बंटी) के बारे में बताया जा रहा है कि वह मौजूदा वक्त में सीवान में एक क्रिकेट एकेडमी ग्रुप संचालित कर रहा है, लेकिन इसका आपराधिक इतिहास लंबा चौड़ा रहा है।
सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड, सीवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के भगिना मोहम्मद यूसुफ हत्याकांड में भी जेल जा चुका है। सीवान से भाजपा सांसद रहे ओमप्रकाश यादव के प्रेस प्रतिनिधि श्रीकांत भारतीय के मर्डर मे भी मोहम्मद कैफ का नाम आया था। कई आपराधिक मामले में वह जेल जा चुका है।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने वायरल फोटो मामले में कहा कि यह प्रशासन का काम है कि जनसैलाब में कौन किधर से मंच पर चढ़ कर फोटो खिंचा रहा है। खुद से कैसे पता रहेगा कि मंच पर कौन किधर से चढ़ जा रहा है।
जनसैलाब में यह मुमकिन नहीं है कि असमाजिक तत्व पर निगाह रख पाएं। प्रशासन को इन बातों पर ध्यान देना चाहिए। राजद ने मंच के फोटो वाली बात पर तो सफाई पेश कर दी लेकिन एक और तस्वीर वायरल हो रही है, जो कि सीवान के नए सर्किट हाउस की बताई जा रही है।
नए सर्किट हाउस में तेजस्वी यादव रुके थे, और दावा किया जा रहा है कि शार्प शूटर मोहम्मद कैफ़ ने तेजस्वी यादव से अकेले में भी मुलाकात की है। यह तस्वीर उस दौरान की ही है। गौरतलब है कि सीवान के बड़े-बडे अधिकारी (जज, एसपी और एसडीओ आवास) आवास, उसी सर्किट हाउस के पास है, जहां शार्प शूटर कैफ़ ने तेजस्वी से मुलाक़ात की थी।












Click it and Unblock the Notifications