Mountaineer Anisa: एक बार फिर रिकॉर्ड बनाने के लिए रवाना हुई बिहार की बेटी अनीसा, इस बार का ये है प्लान
Jamui Mountaineer Anisa Dubey: बिहार के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं प्रदेश की बेटियां भी हुनर का परचम लहराने में पीछे नहीं है। इसी क्रम में हम आपको जमुई निवासी 23 वर्षीय पर्वातारोही अनीसा दुबे के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कि एक बार फिर अपने घर से नया रिकॉर्ड बनाने के लिए रवाना हो चुकी हैं।
अनीसा दुबे ने इस बार 21 हज़ार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराने के लिए सफ़र पर निकल चुकी हैं। लद्दाख के DZO-JANGO की चोटी पर वह देश का झंडा लहराकर अपने नाम एक और ख़िताब जोड़ने जा रही हैं। आपको बता दें कि इससे पहले अनीसा ने पतालसु (हिमाचल प्रदेश) की 14 हज़ार फीट की ऊंचाई पर 2021 में तिरंगा लहराया था।

वन इंडिया हिंदी से बातचीत के दौरान अनीसा के परिजनों ने बताया कि जब वह छोटी थी, उसी दौरान उनके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद से मां की परवरिश में पली बढ़ी, वह बहुत ही ज़हीन लड़की है। साल 2021 में अनीसा ने अपने नाम एक खिताब दर्ज किया था।
अपने सपनों की उड़ान भरते हुए अनीसा धीरे-धीरे और बुलंदियों को छू रही हैं। पतालसु (हिमाचल प्रदेश) में उन्होंने अपने नाम पहला खिताब दर्ज किया। इसके बाद सितंबर 2022 में 18 हज़ार फीट (बेस कैंप, माउंट एवरेस्ट) की ऊंचाई पर तिरंगा लहराया था।
6 अगस्त की रात में अनीसा एक और रिकॉर्ड बनाने के लिए सफर पर निकल चुकी हैं। इस बार अनीसा का प्लान 15 अगस्त को लद्दाख के DZO-JANGO की चोटी पर फतह हासिल कर 21 हजार फीट पर तिरंगा लहराना है। 10 अगस्त को वह चोटी पर चढ़ाई शुरू करेंगी।
अनीसा के प्रेरणा का ज़िक्र करते हुए परिजनों ने बताया कि पैर से दिव्यांग पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा से वह प्रेरित हैं। अरुणिमा ने पैर से दिव्यांग होने के बावजूद माउंट एवरेस्ट पर फतह पाते हुए तिरंगा लहराया था। पिता का साया नहीं है, इसके बाद भी मां की मदद और ख़ुद के जुनून से अनीसा ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
लद्दाख में 21 हज़ार फीट पर फतह करने के बाद अनीसा का रूस जाने का इरादा है। अनीसा पहले तो रूस ही जाना चाहती थी। लेकिन उसने सोचा की जब अपने देश में ही वहां से ज्यादा ऊंचाई की चोटी है, तो पहले देश में ही ऊंचाई पर फतह की जाए। इसी मकसद से रूस का प्रोग्राम फिलहाल के लिए टाल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications