Bihar: राज्यपाल का काफिला हादसे का शिकार, अनियंत्रित होकर पलटा वाहन, कई घायल
बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के काफिले में जा रहा दमकल का वाहन हादसे का शिकार हो गया। जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।

बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के काफिले का एक वाहन सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल राज्यपाल और उनका वाहन पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक राज्यपाल पटना से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। तभी हाजीपुर के भगवानपुर के रतनपुरा गांव के पास उनके काफिले में चल रहा दमकल वाहन हादसे का शिकार हो गया। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां पर सभी का इलाज जारी है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चश्मदीदों के मुताबिक राज्यपाल के काफिले का दमकल वाहन अनियंत्रित हो गया था। वो डिवाइडर को पार करता हुआ गलत साइड चला गया, साथ ही एक ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें कई लोग बैठे थे। इसके बाद दमकल वाहन पलट गया।
आनन-फानन में वहां मौजूद लोगों ने घायलों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि पलटने की वजह से वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे की वजह से काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
तुरंत रवाना किया गया काफिला
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने ट्रैफिक को क्लियर करवाया। साथ ही राज्यपाल के काफिले के अन्य वाहनों को आगे की ओर रवाना किया।
कॉलेज के कार्यक्रम में हुए शामिल
आपको बता दें कि भगवानपुर स्थित एलएन मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें शामिल होने के लिए राज्यपाल सड़क मार्ग से मुजफ्फरपुर पहुंचे। वहां पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस कार्यक्रम को लेकर कई दिनों से सुरक्षा-व्यवस्था की तैयारियां की जा रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications