बिहारः गोपालगंज में तीन लोगों की संदिग्ध मौत, मौके पर पहुंचा प्रशासन
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को तीन लोगों की संदिग्ध मौत हो गई और कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं इस घटना के बाद से जिले में हड़कंप मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सोनवलिया कोडर गांव के निवासी जेके यादव और बसहां गांव के निवासी देवेंद्र शर्मा व रमेश महतो की मौत संदिग्ध स्थितियों में हुई है। बताया जा रहा है कि इन मौतों के बाद दोनों गांव में पुलिस आनन-फानन में पहुंच गई और पुलिस की मौजूदगी में शवों का दाह संस्कार कराने में लोग जुटे हैं।

बताया यह भी जा रहा है कि सोनवलिया कोडर गांव और हमीदपुर पंचायत के वॉर्ड संख्या 6 के वॉर्ड सदस्य रिंकू यादव सहित इलाके के कई लोगों की हालत गंभीर है। इनका इलाज निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है। लेकिन इसकी पुष्टि प्रशासनिक स्तर से नहीं हो सकी है। इसी गांव के 4 अन्य लोग भी बीमार हो गए हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस सन्दर्भ में सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि शराब पीने से किसी कि मौत नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस मृतक के परिजनों से बात कर रही है। वहीं, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शराब पीने से मौत होने की बात से इंकार करते हुए बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। बता दें कि पिछले साल नवंबर माह में महम्मदपुर थाने के महम्मदपुर गांव में 21 लोगों की मौत हुई थी। बता दें कि सीवान जिले में हाल ही में तीन लोगों की संदिग्ध मौत हो गई थी। वहीं बेतिया जिले में दो लोगों की संदिग्ध मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications