गोपालगंजः नदी के तेज बहाव में 20 लोगों से भरी नाव पलटी, तीन बच्चों सहित एक युवती की भी मौत
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के भोज छापर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नाव पलटने से तीन मासूम बच्चों के सहित एक युवती की भी मौत हो गई। दरअसल, सावन के आखिरी सोमवार को गांव के कर्ताधाम मंदिर के पास एक मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। मंदिर के पास ही गंडक नदी बहती है, जिसमें लोगों के लिए नाव रखी हुई थी। कुछ बच्चे और महिलाएं इस नाव पर सवार हो गईं और इसी बीच किसी ने नाव की रस्सी खोल दी। नदी में भारी बारिश और बाढ़ के चलते नाव तेज प्रवाह के चपेट में आ गई और तेजी से बह गई।

नदी के तेज लहरों में नाव अचानक से पलट गई और 20 लोग नदी में गिर गए। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और लहरों की चपेट में आने के बाद ये पलट गई। इसके बाद कुछ लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई। वहीं तीन बच्चे और एक महिला नांव में फंस कर रह गई, जिन्हें बाद में लोगों ने बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। लेकिन चारों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं मृतक महिला की गोद में एक चार साल की मासूम भी थी, जिसका कोई पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों के साथ ही गोताखोर नदी में मासूम की तलाश कर रहे हैं लेकिन उसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं मृतकों में 25 वर्षीय पुष्पा देवी, 14 वर्षीय आकाश, 12 वर्षीय गोलू और पवन महतो शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेजी से बचाव कार्य करवा लोगों को नदी से बाहर निकाला।
हालांकि इस दौरान चार लोग गहरे पानी में थे जिन्हें काफी मुश्किल से बाहर निकाला गया और उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अब एसडीएम ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सभी मृतकों के परिजन को मुआवजे के तौर पर 4 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications