नीतीश के मंत्री इसराइल मंसूरी ने विष्णुपद मंदिर में किए थे दर्शन, अब 21 आचार्यों ने किया मंदिर का 'शुद्धिकरण'
नीतीश के मंत्री इसराइल मंसूरी ने विष्णुपद मंदिर में किए थे दर्शन, अब 21 आचार्यों ने किया मंदिर का 'शुद्धिकरण'
गया, 25 अगस्त: विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट मंत्री इसराइल मंसूरी सीधे गर्भगृह तक चले गए और पूजा-अर्चना के साथ भगवान के दर्शन किए थे। इसराइल मंसूरी के विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। तो वहीं, अब गैर हिन्दू मंत्री के प्रवेश के बाद बुधवार 24 अगस्त को 21 आचार्यों द्वारा मंदिर का शुद्धिकरण किया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर को गंगा जल से धुलवाया गया और मंत्रोच्चारण-वैदिक रीति से भगवान विष्ण की पूजा विशेष पूजा-अर्चना की गई।

विष्णुपद मंदिर का 21 आचार्यों ने किया शुद्धिकरण
विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति अध्यक्ष शम्भु नाथ बिट्ठल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि मुस्लिम समाज के मंत्री आए थे जिसके बाद लोगों में मंदिर की अशुद्धि की भावना थी जिसके बाद भगवान विष्णु की पूजा की। हम बिहार सरकार से मांग करते हैं कि उनको बर्खास्त किया जाए। हमारे यहां गैर-हिंदू का बोर्ड भी लगा है। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि मंदिर के गर्भगृह में विष्णु चरण के पास बैठकर पूरे विधि-विधान के साथ 21 आचार्यों द्वारा शुद्धिकरण पूजा संपन्न की गई। इस दौरान मंदिर परिसर को गंगा जल से धोया गया।

गर्भगृह तक पहुंच गए थे इसराइल मंसूरी
दरअसल, सोमवार 22 अगस्त को बिहार के सीएम नीतीश कुमार गया के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में जाकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। नीतीश सीधे सीधे गर्भगृह तक जा पहुंचे, इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री इसराइल मंसूरी भी मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गए थे। जबकि, विष्णुपद मंदिर में अहिंदू (गैर हिन्दू) प्रवेश निषेध है। तो वहीं, इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भाजपा और मंदिर प्रशासन ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
Recommended Video

सीएम को मांगनी चाहिए माफी: संजय जायसवाल
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, 'विष्णुपद मंदिर में किसी गैर हिंदू का प्रवेश वर्जित है। हिंदू समाज को अपमानित करने का यह काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है। इस घटना को शर्मनाक बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए सीएम को माफी मांगनी चाहिए।' इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बीजेपी विधानसभा से लेकर सड़क पर प्रदर्शन करेगी।

जानिए विष्णुपद मंदिर के बारे में
बता दें कि विष्णुपद मंदिर बिहार के गया जिले में फल्गू नदी के किनारे स्थित है, जिसका निर्माण 18वीं सदी में हुआ था। यह भगवान विष्णु का मंदिर है। इस मंदिर में पिंड दान की प्रक्रिया भी की जाती है। कहते हैं कि यहां श्राद्ध करने से पितरों की तृप्ति मिलती है। इस मंदिर की वैसे तो बहुत विशेषताएं हैं, लेकिन एक खास विशेषता जो है वो यह कि मंदिर में सिर्फ और सिर्फ हिंदुओं को ही प्रवेश करने की अनुमति है।

मंदिर के गेट पर लगा है बोर्ड
इस मंदिर में यह नियम पिछले 100 साल से लागू है कि यहां सिर्फ हिंदू श्रद्धालु ही दर्शन कर सकते हैं। गैर हिंदुओं का प्रवेश यहां वर्जित है। इसके लिए बकायदा मंदिर के गेट पर एक बोर्ड भी लगाया हुआ है, जिस पर लिखा है कि अहिंदु प्रवेश निषेध है। यह जानकारी बोर्ड पर हिंदी के अलावा अंग्रेजी, उर्दू और बंगाली भाषा में लिखी है।












Click it and Unblock the Notifications