Bihar News: ‘शादी कराओ, पैसे लूटो और गायब हो जाओ’, बक्सर में शादी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, जानिए पूरा मामला
Bihar News: बिहार के बक्सर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक गिरोह ने लाखों की ठगी की। इस गिरोह के तीन सदस्यों को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें एक युवती, एक महिला और उसका पति शामिल हैं। खास बात यह है कि यह ठग सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए फर्जी पहचान बनाकर लोगों को जाल में फंसाते थे।
शादी की फर्जी स्कीम: व्हाट्सएप पर भेजते थे लड़कियों की तस्वीरें
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब राजस्थान के अशोक कुमार नामक युवक ने बक्सर नगर थाने में शिकायत की कि शादी कराने के नाम पर उससे दो लाख रुपये और गहने ठग लिए गए। शिकायत मिलते ही बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने एक विशेष जांच टीम बनाई।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लड़कियों की तस्वीरें भेजता था। जब रिश्ता पक्का होता, तो लड़के वालों को बक्सर बुलाकर गहने और नगदी वसूली जाती थी और फिर आरोपी फरार हो जाते थे।
कैसे हुआ पर्दाफाश? मंदिर में मुलाकात, फिर ठगी
अशोक कुमार को भी इसी तरह बक्सर बुलाया गया था, जहां एक मंदिर में युवती से मिलवाया गया और शादी तय कर दी गई। फिर गहने और खर्च के नाम पर 2 लाख रुपये और कीमती सामान लिए गए। इसके बाद तीनों आरोपी गायब हो गए। पुलिस ने गुड़िया मिश्रा उर्फ संगीता देवी, उसका पति प्रमोद दुबे (निवासी चिलहर, इटाढ़ी थाना) और पार्वती कुमारी उर्फ प्रिया पांडेय (निवासी श्यामपुर, धनसोई थाना) को गिरफ्तार किया है।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1.42 लाख नकद, गहने, मोबाइल और फर्जी दस्तावेज बरामद किया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने एसपी के नाम से फर्जी व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट भी बना रखा था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
खंगाले जा रहे पुराने रिकॉर्ड
सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी शुभम आर्य ने कहा कि यह गिरोह कई अन्य जिलों में भी सक्रिय हो सकता है। उनके पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया है।
ऑनलाइन रिश्तों से पहले हो जाएं सतर्क!
इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध और सोशल मीडिया के खतरे को सामने ला दिया है। लोग शादी, नौकरी या अन्य निजी मामलों में ऑनलाइन भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई इस तरह का संदिग्ध व्यवहार देखे, तो तत्काल नजदीकी थाने में संपर्क करें।












Click it and Unblock the Notifications