Bihar News: पटना से दिल्ली आ रहे विमान का एक इंजन फेल, हुई इमरजेंसी लैंडिंग
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। जिससे काफी देर तक एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2433 की पटना से दिल्ली जा रही थी। उड़ान के तीन मिनट बाद ही उसका एक इंजन फेल हो गया। जिस पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। इसके अलावा रनवे को खाली करवा कर उसे लैंडिंग के लिए तैयार किया गया।

एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक विमान सबुह 9 बजकर 11 मिनट पर सुरक्षित लैंड हुआ। उसमें सवार यात्री भी सुरक्षित हैं। उनके लिए वैकल्पिक विमान की भी व्यवस्था कर दी गई। एयरपोर्ट पर अब विमानों की आवाजाही सामान्य रूप से हो रही है।
यात्री ने फेसबुक पर लिखी पोस्ट
नीरज अग्रवाल नाम के शख्स भी इस विमान में सवार थे। उन्होंने फेसबुक पर इमरजेंसी लैंडिंग को लेकर पोस्ट लिखी है। उनके मुताबिक उड़ान के कुछ देर बाद पायलट ने अनाउंस किया कि वो फिर से पटना लौट रहे। इसके बाद क्रू ने सभी को सिर आगे झूकाकर आगे की सीट पकड़ने और सीट बेल्ट लगाने को कहा।
इसके अलावा इंजन से तेज आवाजें आ रही थीं, जिससे लोग डरे हुए थे। एक इंजन पर विमान की लैंडिंग आसान नहीं थी, लेकिन पायलट ने अपनी समझदारी से बड़े हादसे को टाल दिया। हालांकि विमान के लैंड होने के बाद कुछ यात्री हंगामा करने लगे। ऐसे में एयरपोर्ट अधिकारियों ने उनको समझाकर उनके लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की।
एयर इंडिया विमान की भी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे एक दिन पहले गुरुवार को कोच्चि से शारजाह जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक उड़ान के कुछ देर बाद ही विमान से जलने की बदबू आने लगी। जिस पर विमान को एहतियात के तौर पर उतारा गया। उसमें 175 यात्री सवार थे। वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट पर विमान की जांच की गई, लेकिन उसमें कोई भी खराबी नहीं मिली, ऐसे में उसे फिर से रवाना कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications