RJD के पूर्व विधायक के समर्थकों ने डीएम के काफिले पर किया हमला, सात लोग हुए घायल
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर के पकड़ी पंचायत के नुनिया गांव में जिलाधिकारी श्रीसत कपिल अशोक पर जानलेवा हमला हुआ है। डीएम पर हमले का आरोप राजद के पूर्व विधायक शिवजी राय के समर्थकों पर लगा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को पंचायत चुनाव के सातवें चरण के मतदान के दौरान पूर्व राजद विधायक शिवजी राय के समर्थकों ने जिलाधिकारी के काफिले पर हमला कर दिया। इस हमले में डीएस श्रीसत कपिल अशोक सहित सात लोग घायल हो गए।

इसके अलावा एसडीओ पकड़ीदयाल रविन्द्र कुमार, एक महिला पुलिसकर्मी, तीन पुलिस के जवान और एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल एसडीओ पकड़ीदयाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी श्रीसत कपिल अशोक महाराष्ट्र के निवासी हैं। वो 2011 के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।
बता दें कि बिहार पंचायत चुनाव में 7वें चरण की सीटों पर सोमवार को मतदान खत्म हो गया। इस दौरान 37 जिलों के 63 प्रखंडों की 903 पंचायतों में वोटिंग हुई। 7वें चरण में कुल 62.14 फीसदी मतदान हुआ। सबसे अधिक गया में 72.50 फीसदी और सबसे कम सारण जिले में 50.68 फीसदी मतदान हुआ। इनमें 58.70% पुरुषों ने और वहीं, 65.58% महिलाओं ने वोटिंग की। इसी बीच सारण में चुनावी रंजिश में हिंसक झड़प हो गई। इनमें 6 लोग जख्मी हो गए। सीतामढ़ी के सुरसंड प्रखंड बूथ संख्या 199 पर EVM खराब हो गई। इसके बाद प्रत्याशियों ने जमकर हंगामा किया।












Click it and Unblock the Notifications