Pics: मुहर्रम के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, इंटरनेट सेवा बाधित
पटना। बिहार के कई जिलों में ताजिया विसर्जन को लेकर हिंसक झड़प होने की सूचना आ रही है। दो समुदायों की आपसी झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई है, तो मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित भीड़ का सामना करना पड़ा। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए कई जिलों की इंटरनेट सेवा को बाधित कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए तैयार है साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है। वहीं लगातार वायरल हो रहे मैसेज को देखते हुए जिले की इंटरनेट सेवा को बाधित करने का आदेश दिया गया और कई जिलों की इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

ताजिया निकलने को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के सीतामढ़ी जिले के चार प्रखंड में दो समुदाय के बीच ताजिया विसर्जन को लेकर हिंसक झड़प हो गई। वहीं इस झड़प में जहां दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए तो एक दर्जन घर को आग के हवाले कर दिया गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस के वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। यह घटना सीतामढ़ी जिले के बेला, सुरसंड, डुमरा थाना क्षेत्र के कोकणा गांव और नानपुर में हुई।

पुलिस कर रही कैंप
जिसके बाद कई थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर कैंप करने लगी और हंगामा कर रहे लोगों को शांत करने के लिए बल का प्रयोग भी किया। देखते-देखते घटना स्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया तो चप्पे-चप्पे पर पुलिस सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई । वहीं जिला अधिकारी राजीव रोशन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी शांति बनाए रखें।

आम लोग भी जख्मीं
दूसरी तरफ बिहार के जमुई में भी मोहर्रम जुलूस के दौरान दो ही समुदाय के बीच हिंसक झड़प हुई। जिसमें पुलिस के साथ-साथ आम लोग भी गंभीर रुप से जख्मीं हो गए जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में कर्फ्यू लगाते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विद्रोही मैसेज को देखते हुए कई जिले के इंटरनेट सेवा को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

दो पुलिसकर्मी घायल
वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर में भी दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प की खबर आ रही है। जिसमें छह लोग तथा दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। फिलहाल घटनास्थल पर जिले के लिए पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं और स्थिति नियंत्रित करने के लिए लगातार पदाधिकारी प्रयास में लगे हुए हैं।

दर्जनों दुकानों में तोड़फोड़
बिहार के भोजपुर जिले में हुई हिंसक झड़प को देखते हुए पूरे जिले में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है। इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।आक्रोशित लोगों ने दो दर्जन दुकानों में तोड़फोड़ भी की। वहीं पुलिस को स्थिति कंट्रोल करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications