पिता-पुत्र के डबल मर्डर से दहला गोपालगंज, देर रात उतार दिया मौत के घाट
Double Murder in Gopalganj गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में धारदार हथियार से हमला कर बाप-बेटे को मौत के घाट उतार दिया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया और मामले की तफ्तीश में पुलिस जुट गई है। मृतकों में पिता एकबाल तिवारी और उनका बेटा मुकेश तिवारी है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया।

यह दिल दहला देने वाली घटना जिले को कुचायकोट थाना क्षेत्र के कमलापट्टी गांव में बुधवार की देर रात की है। घटना को लेकर मृतक मुकेश तिवारी के मौसेरे भाई ने बताया कि बुधवार की देर रात गांव के ही कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने टांगी, फरसा व चाकू सहित अन्य धारदार हथियार से हमला कर घटना को अंजाम दिया।
बीच-बचाव करने के लिए जब मुकेश तिवारी का मौसेरा भाई सुनील पांडेय मौके पर पहुंचे तो अपराधियों ने उनपर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के लिए उसे कुचायकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मधुबनी में अपहरण
वहीं मधुबनी जिला के बिस्फी थाना अंतर्गत पतौना ओपी में एक अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें अपहृता के परिजनों द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है। जिसके आधार पर पुलिस ने एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
अपहृता के परिजनों का कहना है कि, उसकी पुत्री अपने भाभी के साथ शौच के लिए बाहर गई थी। इसी क्रम में तकरीबन आठ-नौ लोगों के द्वारा अंधेरे का फायदा उठाकर उसकी पुत्री को जबरन मोटरसाइकिल बैठाकर लेकर भाग गए।
जिसमें एक कि पहचान मोहम्मद गुड्डू के नाम हो चुकी है। वहीं गुड्डू के एक साथी मोहममद नेयाज को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पतौना ओपी प्रभारी विजय कुमार पासवान ने बताया कि दूसरे अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications