बिहार में जहरीली शराब से 13 की मौत, प्रशासन ने बिठाई जांच
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इनमें से 8 लोगों की जान पिछले 12 घंटों में गई है। इससे पहले मंगलवार दोपहर को तबियत बिगड़ने के बाद 5 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यह घटना गोपालगंज जिले के हरखुआ खजुरबानी इलाके की है। यहां शराब पी रहे कुछ लोगों को अचानक पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इनमें से कुछ लोगों को यूपी के गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान देर शाम 5 लोगों को मौत हो गई जबकि 8 की मौत देर रात हुई।
प्रशासन ने कहा, जहरीली शराब ने नहीं हुई मौत
स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि ये मौतें नकली शराब पीने से हुई हैं। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि इन लोगों की मौत नकली शराब पीने से नहीं, बल्कि दूसरे कारणों से हुई है।
गोपालगंज के डीएम राहुल कुमार ने बताया कि ये मौतें जहरीली शराब पीने से नहीं हुई हैं। हालांकि बुधवार सुबह को जब मरने वालों का आंकड़ा 13 पहुंचा तो प्रशासन ने तुरंत इन मौतों की जांच के लिए 3 सदस्यों की एक कमेटी गठित कर दी।
13 लोगों की मौत की पहली सबसे बड़ी घटना
जहरीली शराब पीने से मरने वालों में परमानंद महतो (54), मंटू गिरी (34), शशिकांत महतो (24), दिनेश महतो (40), उमेश चौहान (34), रामजी शर्मा (46) और मनोज शाह (23) हैं।
बिहार में अप्रैल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लागू की गई शराबबंदी के बाद जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत की यह पहली सबसे बड़ी घटना है।












Click it and Unblock the Notifications