बहू और दो मासूम बच्चों को ससुरालियों ने जिंदा जलाया, तीनों की मौत
पटना। एक तरफ जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे राज्य में दहेजबंदी अभियान लागू करने में लगे हुए हैं तो दूसरी तरफ दहेज दानवों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ इसी तरह का मामला बिहार के गया जिला के डुमरिया में हुआ है जहां दहेज दानवों ने चंद रुपयों के लिए एक विवाहिता और उसकी दो मासूम बच्चों को जिंदा जला दिया। महिला और एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई तो दूसरे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी लाश को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता के बयान के आधार पर सास, ससुर और पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने लगी।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला डुमरिया प्रखंड के भंगिया पंचायत के जमुनिया टोला छोटकी केवला का है। जहां के रहने वाले उदय यादव की 26 वर्षीय पत्नी उनिता देवी को पिछले कई महीने से दहेज में मोटरसाइकिल और पैसे की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार इस बात को लेकर विवाद आगे बढ़ा और आसपास के लोगों ने मामले को शांत करवा दिया था लेकिन फिर से 2 दिन पहले दहेज को लेकर विवाद हुआ।
महिला को उसके दो मासूम बच्चों के साथ जिंदा आग के हवाले कर दिया गया। महिला और उसके एक बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिए थे तो दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में सुनीता देवी एवं उसके 5 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी के साथ-साथ एक वर्षीय बेटा अंकित कुमार की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घर से फरार हो गए। जब आसपास के लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव के रहने वाले मृतका के पिता विष्णुदेव यादव को मामले की जानकारी दी और जानकारी मिलते ही सभी वहां पहुंचे। डुमरिया थाने में केस दर्ज कराया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के पिता द्वारा मामले की जानकारी देर रात दी गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता के द्वारा दिए गए लिखित आवेदन पर एफआईआर दर्ज करते हुए इस मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications