'बिहार सरकार ने 1 साल बाद दी जमीन', AIIMS को लेकर तेजस्वी के बयान पर BJP का पलटवार
बिहार के दरभंगा एम्स को लेकर पीएम मोदी के बयान पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव टिप्पणी पर बीजेपी ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि केंद्र सरकार विकास की राजनीति करती है।
बिहार में दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पीएम मोदी की ओर से एम्स खुलवाने की बात पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम झूठ बोल रहे हैं। वहीं अब केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने दरभंगा एम्स को लेकर केंद्र के प्रयासों को बताने का प्रयास किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार विकास में राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति करती है।
दरभंगा एम्स को लेकर पीएम मोदी के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। तेजस्वी यादव ने पीएम के बयान को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री झूठ बोले रहे हैं। तेजस्वी ने कहा था, "मैं पीएम से अपील करता हूं कि पहले इसके बारे में जानकारी लें और फिर बोलें। अमित शाह ने भी झूठ बोला था कि पूर्णिया में एयरपोर्ट चालू करवा दिया। दूसरा झूठ पीएम बोल रहे हैं"। ऐसे में केंद्रीय स्वाथ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार विकास की राजनीतिक करती है, ना कि विकास में राजनीति।

तेजस्वी के बयान पर उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "मोदी सरकार विकास में राजनीति नहीं करती बल्कि विकास की राजनीति करती है। हमारी मंशा साफ है। दरभंगा एम्स की अनुमति मोदी सरकार ने 19 सितंबर 2020 को दी थी और पहली जमीन 3 नवंबर 2021 को बिहार सरकार ने दी थी"।
इससे पहले पीएम के बयान पर तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा था, "आज पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने दरभंगा में AIIMS खुलवाने का काम किया है, यह सरासर झूठ है। मैं पीएम से अपील करता हूं कि पहले इसके बारे में जानकारी लें और फिर बोलें। आप इस देश के प्रधानमंत्री हैं और आपको झूठ बोलना शोभा नहीं देता है। दरभंगा में कोई AIIMS नहीं खोला गया है। सीएम नीतीश कुमार का प्रयास है कि दरभंगा में AIIMS खुले और इसके लिए कैबिनेट से 151 एकड़ भूमि नि:शुल्क पास करवाकर AIIMS दरभंगा के लिए दी गई थी लेकिन भाजपा के राजनीतिक दबाव से यह स्वीकृत नहीं हुआ। इन्होंने खुलवाने का नहीं बल्कि रूकवाने का काम किया है।"
उन्होंने इसको लेकर तीन ट्वीट किए पहले ट्वीट में उन्होंने एम्स की स्वीकृति ना देने का केंद्र पर आरोप लगाते हुए एक बिहार सरकार की ओर से लिखा एक पत्र शेयर किया। तेजस्वी ने अपने ट्वीट में कहा, "आज प्रधानमंत्री जी दरभंगा में AIIMS खुलवाने का झूठा श्रेय ले रहे थे। वस्तुस्थिति ये है कि #बिहार सरकार ने निःशुल्क 151 एकड़ ज़मीन केंद्र को इसकी स्थापना के लिए दिया है और साथ ही 250 करोड़ से अधिक मिट्टी भराई के लिए आवंटित किया लेकिन दुर्भाग्यवश राजनीति करते हुए केंद्र ने प्रस्तावित AIIMS के निर्माण को स्वीकृति नहीं दी। प्रधानमंत्री से देश कम से कम सत्य और तथ्य की अपेक्षा करता है लेकिन उन्होंने सफ़ेद झूठ बोला"।












Click it and Unblock the Notifications