लाखों प्रवासियों के लौटने से चिंतित सीएम नीतीश, पीएम मोदी से बोले- 31 मई तक बढ़े लॉकडाउन
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण और लाखों प्रवासियों के प्रदेश लौटने से उपजे हालत पर चिंता जाहिर करते हुए लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाने का आग्रह किया है। सीएम नीतीश का कहना है कि लौट रहे प्रवासियों की टेस्टिंग अगर ठीक ढंग से नहीं हुई तो प्रदेश में संक्रमण के हालात और बदतर हो सकते हैं।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि ट्रेनों से काफी संख्या में प्रवासी प्रदेश आ रहे हैं जिसकी तुलना में यहां वेंटिलेटर व टेस्टिंग किट की भारी कमी है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बिहार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कहा कि यहां हर जिले में जांच केंद्र बनाना पड़ेगा तभी लाखों लोगों की टेस्टिंग सही तरीके से हो सकती है। ऐसा अनुमान है कि बिहार में दस लाख से भी ज्यादा प्रवासी दूसरे राज्यों से लौटेंगे जिनकी स्वास्थ्य जांच और उनको क्वारंटाइन करने समेत अन्य सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को मदद देने को कहा।
पीएम के साथ मीटिंग से पहले सीएम नीतीश कुमार ने सभी जिलों के डीएम, एसपी समेत अन्य आलाधिकारियों से विचार-विमर्श किया। सीएम ने कहा है कि प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में हर परिवार को साबुन और चार मास्क सरकार की तरफ से दिया जाएगा। सीएम ने केंद्र सरकार से लॉकडाउन बढ़ाने, व्यवस्था में मदद देने के साथ-साथ यह भी अनुरोध किया कि मई के अंत तक कोई पैसेंजर ट्रेन न चलाई जाय।
बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या हुई 746
सोमवार को बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमित 50 और मरीज मिले जिससे प्रदेश में इस बीमारी से ग्रस्त लोगों की संख्या बढ़कर 746 हो गई है। रविवार को कोरोना के 85 नए मरीज मिले थे। दूसरे राज्यों से प्रदेश लौट रहे प्रवासियों की जांच से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications