सीएम नीतीश कुमार ने कहा- बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग जारी है, केंद्र सरकार को करना है तय
पटना। केंद्र सरकार से बिहार को विषेश राज्य का दर्जा दिलवाने की मांग को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि बिहार को विशेष दर्जा की मांग बहुत पुरानी है और वह जारी रहेगी। इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार ने मंत्री विजेंद्र यादव के बयान को खारिज करते हुए कहा कि यह उनके बोलने का अपना तरीका है। बहुत दिनों से लगातार यह मांग की जा रही है और मांग पूरी नहीं हो रही है तो उन्होंने विशेष सहायता की बात कही है। यह अलग बात है।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो विषेश दर्जा के लिए कमिटी भी बनी थी।अब इस मामले पर केंद्र को निर्णय लेना है। सीएम नीतीश ने कहा कि यह तो सभी मानते हैं कि राज्य का विकास होना चाहिए इसलिए हम लोग शुरू से यह मांग करते रहे हैं।
बता दें कि बीते सोमवार को योजना एवं विकास मंत्री विजेंद्र यादव ने बिहार को विशेष दर्जा दिये जाने की अपनी पार्टी जदयू की लगातार मांग पर कहा था कि हमने कई बार इस मुद्दे को केंद्र के सामने उठाया, साथ ही इसे लेकर कमेटी का भी गठन किया, जिसकी रिपोर्ट केंद्र को सौंपी गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। किसी भी एक चीज की सीमा होती है। अब कब तक हम इसे लेकर बैठे रहेंगे। अब बिहार के लिए हर क्षेत्र में विशेष सहायता की मांग केंद्र सरकार से की जाएगी।
वहीं इस मुद्दे पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार को घेरना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने कहा था कि सीएम पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा नहीं दिला पाए। वो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्या दिला पाएंगे। क्या यही 40 में से 39 सांसदों वाली डबल इंजन की सरकार है। मैंने पहले ही कहा था कि सीएम नीतीश कुमार अब थक चुके हैं। अब तो उनकी पार्टी खुद मान रही है कि वो थक चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications