बिहारः बीच सदन की कार्यवाही में नीतीश कुमार ने राजद MLC सुबोध कुमार को डांटा, कहा- बीच में नहीं बोलना चाहिए
पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का सोमवार को 12वां दिन है। बिहार विधान परिषद में भोजनावकाश के बाद महिला विधान पार्षद ने महिला दिवस के मौके पर अपना संबोधन दिया। कार्यकारी सभापति अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह ने महिला सदस्यों को सम्मानित किया। इससे पूर्व कार्यवाही के दौरान राजद के एमएलसी सुबोध राय पर सीएम नीतीश कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा कि पहले नियम जान लो, बीच में यूं ही नहीं बोलना चाहिए, बैठ जाइए।

दरअसल, विधान परिषद के सदस्य मोहम्मद फारुख ने सड़क की खराब हालत पर सवाल किया था, जिसका जवाब ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज दे रहे थे। जवाब सुनने के बाद मोहम्मद फारुख एक और सवाल करने के लिए खड़े हुए तभी राजद एमएलसी सुबोध राय भी अपना सवाल करने के लिए खड़े हो गए। इस पर सीएम नीतीश कुमार गरमा गए और उन्होंने सुबोध राय को बैठने के लिए कह दिया। वहीं विधान परिषद की कार्यवाही होने के बाद सुबोध राय ने कहा कि नीतीश कुमार पर उम्र का असर हो रहा है। सुबोध राय ने कहा कि नीतीश कुमार आजकल हर बात पर गुस्सा करते हैं।
वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले पक्ष और विपक्ष की महिला विधायकों ने विधानमंडल में प्रदर्शन किया। महिला दिवस के मौके पर उन्होंने नारेबाजी लगाते हुए कहा कि दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती कहकर ठगते हो, विधानसभा में आरक्षण देने से डरते हो। कांग्रेस की प्रतिमा कुमार, राज की संगीता कुमारी और मंजू अग्रवाल, भाजपा की अरुणा देवी ने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की।
वहीं राजद विधायकों ने विधानमंडल गेट के पास सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस के आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही कहा कि महिलाओं के साथ अत्याचार बंद होना चाहिए। वहीं वामदल के विधायकों ने महिला उत्थान की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications