बिहार: बाहुबली आनंद मोहन के बेटे की सगाई में पहुंचे नीतीश-तेजस्वी, पूर्व सांसद को एक दिन में मिली दो खुशी
सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव आनंद मोहन सिंह के बेटे विधायक चेतन आनंद के सगाई समारोह में शामिल हुए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोमवार रात को जेल में बंद पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के बेटे और राजद विधायक चेतन आनंद के सगाई कार्यक्रम में शिरकत की। इससे पहले शाम को नीतीश सरकार ने पूर्व सांसद की रिहाई पर मुहर लगाते हुए आदेश जारी कर दिए हैं।
राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने हिस्सा लिया। चेतन आनंद शिवहर से आरजेडी के विधायक है। बता दें कि आज ही बिहार सरकार ने पूर्व लोकसभा सांसद आनंद मोहन सिंह समेत 27 कैदियों को जेल से रिहा करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है।
हालांकि बाहुबली आनंद मोहन इस वक्त अपने बड़े बेटे की शादी के लिए 15 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर हैं। उनके बेटे की 3 मई को शादी है। सगाई कार्यक्रम में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के शामिल होने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई है।
सोमवार शाम को ही बिहार सरकार ने जेल में बंद कैदियों की रिहाई को लेकर एक बड़ा बदलाव किया है। जिसके बाद गोपालगंज जिले के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के आरोप में जेल में बंद बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह की रिहाई जल्द हो जाएगी।
बता दें कि हाल ही में बिहार सरकार ने 10 अप्रैल को जेल मैनुअल के परिहार नियमों में बदलाव को कैबिनेट की स्वीकृति मिली थी, जिसके बाद सजा पूरी कर चुके बंदियों को राहत मिलेगी। मालूम हो कि साल 1994 को गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को सजा हुई थी, हालांकि 2007 में पटना हाई कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी, जिसको साल 2008 में उम्र कैद में तब्दील कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications