CM Nitish का बड़ा ऐलान: अब हर घर को 125 यूनिट तक फ्री बिजली, सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बिहार की ओर बढ़ता कदम
CM Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। यानी जुलाई महीने के बिल से ही उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। इस योजना से राज्य के करीब 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर इस घोषणा को साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शुरू से ही सस्ती और सुलभ बिजली रही है, और अब एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए इसे सभी वर्गों के लिए और अधिक किफायती बना दिया गया है।

सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर: मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अगले तीन वर्षों में राज्य सरकार की योजना है कि इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घरों की छतों या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएं।
इससे राज्य में 10,000 मेगावाट तक की सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित होने का अनुमान है। इससे न केवल बिजली की आपूर्ति में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल हरित ऊर्जा का भी विस्तार होगा। कुटीर ज्योति योजना के तहत निर्धन परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।
गरीब और अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सरकार ने अतिरिक्त सहयोग की भी घोषणा की है। कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत आने वाले अत्यंत गरीब परिवारों को सौर संयंत्र लगाने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। अन्य वर्गों के लिए भी राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग और तकनीकी समर्थन प्रदान किया जाएगा।
बिहार की जनता के लिए दोहरा लाभ: इस पहल से लोगों को बिजली बिल में राहत तो मिलेगी ही, साथ ही स्वच्छ और सतत ऊर्जा का भी विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने इसे "जन-सहभागिता से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम" बताया है।












Click it and Unblock the Notifications