बिहार बोर्ड के आर्ट स्ट्रीम में टॉपर गणेश कुमार का रिजल्ट कैंसिल, गिरफ्तार
पटना। बिहार बोर्ड का रिजल्ट इस बार फिर विवादों में है। इस बार आर्ट्स स्ट्रीम में टॉपर बने गणेश कुमार का रिजल्ट तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
इसके साथ ही गणेश कुमार के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया साथ ही उनके स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने उपलब्ध कराई। मामला दर्ज होने के कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया।

तब सामने आया मामला
गौरतलब है कि टॉपर गणेश उस वक्त घेरे में आ गए जब उनसे उनके विषय से जुड़े कुछ सवाल पूछे गए। बता दें कि गणेश को संगीत प्रैक्टिल में 70 में से 65 नंबर मिले हैं वहीं थ्योरी में कुल 30 में से 18 नंबर मिले है।
जब प्रैक्टिकल के नंबर के बाबत गणेश के स्कूल के प्राचार्य अनितेंद्र कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ' हमारे यहां संगीत के प्रैक्टिकल में 60 से कम नंबर किसी को नहीं दिया जाता चाहे वो संगीत में कैसा भी हो'।
प्राचार्य की बातों से ये साफ होता है कि उनके कॉलेज में संगीत के प्रैक्टिकल में नंबर देने का कोई आधार नहीं है। और संगीत के शिक्षक ने गणेश कुमार को 70 में से 65 नंबर दिए।
तीन कमरों का कॉलेज
गणेश कुमार जिस रामनंदन सिंह जगदीप नारायण उच्च माध्यमिक इंटर कालेज, चकहबीव के छात्र हैं वो तीन कमरों में चलता है। उस कॉलेज में न तो क्लास होती है और न ही पढ़ाई ही ढंग से होती है। सूत्रों की मानें, तो गणेश कुमार ने कभी क्लास भी नहीं की। बस नामांकन करवाया और पढ़ाई करता रहा। बिना कॉलेज में पढ़ाई किये और टीचर्स के संपर्क में रहे गणेश कुमार टॉपर बन गया है।
हालांकि बिहार शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने भी गणेश को क्लीन चिट दे दी थी। गुरूवार (1 जून)को उन्होंने कहा था कि इस बार रिजल्ट में किसी तरह की कोई गड़बड़ी की गुजाइंश नहीं है। उन्होंने गणेश को क्लीन चिट देते हुए कहा है कि गणेश की मेरिट पर किसी भी तरह से सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता है।
लेकिन दी गई थी क्लिनचिट
गौरतलब है कि आर्ट्स से इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले गणेश ने म्यूजिक में 70 में से 65 अंक हासिल किए। गणेश ने म्यूजिक, हिंदी, अंग्रेजी, मनोविज्ञान और सोशल साइंस की परीक्षा दी और आर्ट्स में टॉप किया। 24 साल के गणेश के टॉप करने को लेकर कई सवाल खड़े किए गए। लेकिन उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी।












Click it and Unblock the Notifications