PM मोदी के 'हनुमान' चिराग पासवान ने नीतीश का किया नुकसान, JDU पहुंची नंबर 3 पर
नई दिल्ली। रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान इस बार बिहार विधानसभा चुनाव के केंद्र में लगातार बने रहे। खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताकर वह लगातार नीतीश कुमार पर हमलावर रहे। चिराग की रणनीति के आगे नीतीश कुमार और उनकी पार्टी बिहार में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। इसका सबसे बड़े फायदा बीजेपी को हुआ। बीजेपी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

LJP के खाते में करीब 6% वोट आते दिख रहे हैं
दिन के ढाई बजे तक कुल पड़े करीब 4.10 करोड़ मतों में 1 करोड़ से कुछ ज्यादा मतों की गिनती हो गई थी।बीजेपी और जेडीयू के नेतृत्व में एनडीए का आरजेडी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन पर बढ़त बरकरार है। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) सिर्फ दो सीटों पर सिमटती दिख रही है। हालांकि, उसके खाते में करीब 6% वोट आते दिख रहे हैं।एलजेपी ने हर जगह जेडीयू के खिलाफ अपने कैंडिडेट दिए।

जेडीयू 50 सीटों के अंदर सिमटती दिख रही है
इसका सीधा असर जेडीयू की सीटों पर दिख रहा है। एलजेपी ने जेडीयू को बहुत हद तक नुकसान पहुंचाया है। जेडीयू 50 सीटों के अंदर सिमटती दिख रही है। बीजेपी को अभी राज्य में सबसे ज्यादा सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं, विपक्षी नेता तेजस्वी यादव रनर-अप बनते दिख रहे हैं। नीतीश कुमार की पार्टी तीसरे नंबर पर बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर नीतीश कुमार की जेडीयू के हर उम्मीदवार को चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार का सामना नहीं करना पड़ता तो इन चुनावों में वो सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती थी।

चिराग पासवान के वोट-कटवा रोल में
चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी ने अपने एक सहयोगी चिराग पासवान का इस्तेमाल दूसरे सहयोगी के वोटबैंक में सेंध लगाने में किया है। चिराग पासवान के वोट-कटवा रोल से बीजेपी को पहली बार नीतीश के साथ इस गठबंधन में अपनी भूमिका बदलने को तैयार है। पार्टी ने बहुत स्पष्ट तरीके से उस व्यक्ति की हैसियत कम कर दी है, जिसने कभी कहा था कि उसका नरेंद्र मोदी से कोई लेना-देना नहीं होगा, जो उस वक्त गुजरात के मुख्यमंत्री थे।












Click it and Unblock the Notifications