छपराः सात लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजन ने कहा जहरीली शराब से हुई घटना
सारण। बिहार के सारण जिले के मकेर और अमनौर थाना क्षेत्र के गांवों में बुधवार को 7 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों के परिजन जहरीली शराब पीने से मौत की बात कह रहे हैं। जबकि पुलिस-प्रशासन इसे ठंड के कारण हुई मौत बता रहा है। जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की खबर सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह हरकत में आया। डीएम राजेश मीणा के निर्देश पर मढ़ौरा एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की।

मृतकों की पहचान छपरा के अमनौर थाना क्षेत्र के परमानंद पुर गांव के कृष्णा महतो, सीवान के अनिल मिस्त्री, छपरा अमनौर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के मो. ईसा, छपरा के मकेर थाना क्षेत्र के नवकाढा गांव के भरत राय व तारा अमनौर गांव के पप्पू सिंह के रूप में हुई है।
प्रशासन ने मृतक के घरवालों से बातचीत की। इस टीम ने मीडियाकर्मियों के समक्ष जांच पड़ताल की। साथ ही स्थानीय मुखिया और मुखिया संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में भी स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मौके का मुआयना किया और ग्रामीणों से बातचीत की। बातचीत और जांच पड़ताल के बाद मढ़ौरा एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने किसी की भी मौत जहरीली शराब से होने की बात को इनकार किया।
साथ ही मुखिया संघ के अध्यक्ष ने भी बयान जारी कर शराब से हुई मौत को भ्रामक बताया है। इस घटना की जानकारी पर सीवान के दरौली के CPI ML विधायक सत्यदेव राम ने रामनाथ राय सहित 7 मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने उनके समक्ष भी शराब के कारण ही मौत होने की बात कही। इस पर विधायक सत्यदेव राम ने प्रशासन और सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए शराबबंदी को पूरी तरह फेल बताया। जहरीली शराब से हो रही मौत को रोकने में पूरी तरह असफल बताया।












Click it and Unblock the Notifications