Land for Job Case: लालू यादव के करीबियों की बढ़ी मुश्किलें, CBI ने 3 के खिलाफ दायर की सप्लीमेंट्री चार्जशीट
Land for Job Scam Case: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से 29 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लैंड फॉर जॉब केस यानी जमीन के बदले रेलवे में नौकरी के घोटाले मामले में पूछताछ की थी। वहीं इस मामले में सीबीआई ने बुधवार को पूरक आरोप पत्र (सप्लीमेंट्री चार्जशीट) दायर किया है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को दिल्ली की एक कोर्ट के समक्ष सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिस पर जज 14 मार्च को विचार करेंगे कि आरोप पत्र पर संज्ञान लिया जाए या नहीं।

रिपोर्ट तीन व्यक्तियों के खिलाफ विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के समक्ष दायर की गई। मालूम हो कि इस घोटाले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के कई सदस्यों का नाम जुड़ा हुआ है।
अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल से संबंधित नौकरी के बदले भूमि घोटाला मामले में रेल मंत्री के तत्कालीन विशेष अधिकारी और दो उम्मीदवारों सहित तीन लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दायर किया है।
आरोपियों में अशोक कुमार और बबीता के अलावा भोला यादव भी शामिल है। बता दें कि भोला यादव लालू प्रसाद के निजी सचिव थे।
सीबीआई की ओर से पेश होते हुए विशेष लोक अभियोजक डीपी सिंह और वकील मनु मिश्रा ने कहा, "भोला यादव लालू यादव के सचिव थे, और उनके निर्देश अधिकारियों तक जाते थे। उनके कंप्यूटर से कुछ दस्तावेजी सबूत भी बरामद किए गए हैं।"
सीबीआई का आरोप पत्र अक्टूबर 2022 में एजेंसी द्वारा दायर मुख्य आरोप पत्र के क्रम में है, जिसमें उन्होंने लालू यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनकी बेटी मीसा भारती सहित 16 लोगों को आरोपी बनाया था।
कोर्ट ने पिछले साल फरवरी में उस आरोपपत्र पर संज्ञान लिया था और सभी आरोपियों को तलब किया था। बता दें कि सीबीआई लालू प्रसाद यादव द्वारा 2004-2009 तक केंद्रीय रेल मंत्री रहते हुए किए गए कथित घोटाले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications