बीजेपी MLA राजू सिंह पर RJD नेता के अपहरण का केस दर्ज, सरेंडर न करने पर पुलिस करेगी संपत्ति कुर्क
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज क्षेत्र के बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह पर राजद के स्थानीय नेता तुलसी राय के अपहरण का मामला दर्ज करवाया है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज क्षेत्र से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह पर राजद के एक स्थानीय नेता तुलसी राय के अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। विधायक राजू कुमार सिंह के खिलाफ दो महीने में ये दूसरा अपराधिक मामला है। वहीं, पुलिस ने विधायक के कई ठिकानों पर छापेमारी की, हालांकि अभी विधायक राजू कुमार सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस ने अनुसार, पारू पुलिस स्टेशन में तुलसी राय की शिकायत पर राजू कुमार सिंह और उनके पांच सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। जिसमें तुलसी राय ने आरोप लगाया कि विधायक ने उनको मारने के इरादे से बंदूक की नोक पर अपहरण किया था।
एफआईआर के अनुसार, मामला गुरूवार का है, जब तुलसी राय आधी रात को एक निजी समारोह से वापस घर लौट रहे थे, इसी दौरान तीन एसयूवी गाड़ी के साथ विधायक और उनके सहयोगी ने उनके वाहन को रोक कर उन्हें गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
राजद नेता तुलसी राय ने आरोप लगाया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योकि उन्होंने अभी हाल में ही विधायक के खिलाफ, कथित रूप से दुर्व्यवहार करने और पिछले महीने स्थानीय सर्किल अधिकारी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के विरोध में प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने बताया कि अपहृत राजद नेता तुलसी राय को उन्होंने विधायक के एक कोल्ड स्टोरेज से छुड़वाया। साथ ही विधायक के कई परिसरों पर छापेमारी की और दो एसयूवी जब्त कीं।
वहीं, इस मामले मे मुजफ्फपुर के एसएसपी राकेश कुमार ने कहा कि अगर विधायक राजू कुमार सिंह आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो पुलिस उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। साथ ही हमने उनके आवास से एक राइफल भी बरामद की है। टीम जांच कर रही है क्या ये लाइसेंस प्राप्त हथियार है या फिर अवैध। साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications