हमने अपना कुर्ता केंद्र और पाजामा बिहार सरकार को दे दिया है: भाजपा विधायक
सड़क बनवाए जाने की मांग पर एक महीने से चड्ढी बनियान में घूम रहे हैं भाजपा के विधायक।
पटना। बिहार विधानसभा में आज सुरक्षाकर्मियों के सामने उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब भाजपा के एक विधायक चड्ढी बनियान पहनकर विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने पहुंच गए।

भाजपा विधायक विनय बिहारी को बिहार विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने निक्कर में विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने नहीं जाने दिया तो वो बाहर ही बैठ गए। बिहारी ने बताया कि उन्होंने अपना कुर्ता केंद्र सरकार को और पाजामा बिहार सरकार को भेज दिया है, ऐसे में वो क्या पहन कर आते।
दरअसल, पश्चिम चंपारण के लौरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के विधायक विनय बिहारी ने अपने क्षेत्र में सड़क और पुल बनावाने के लिए विरोध स्वरूप अपने कपड़े उतार रखे हैं। वो पिछले करीब एक महीने से अपने क्षेत्र में भी ऐसे ही घूम रहे हैं।
जब तक सड़क नहीं बनती, ऐसे ही घूमूंगा
भाजपा विधायक का कहना है कि जब तक बेतिया के मनुआ में सड़क और पुल नहीं बनाई जाती, तब तक वे कपड़ा नहीं पहनेंगे। आज वो विधानसभा में भी इसी तरह पहुंचे लेकिन कार्यवाही में भाग ना ले सके। नेता प्रतिपक्ष ने ये मामला विधानसभा में भी उठाया।
विनय बिहारी का कहना है कि वो पथ निर्माण विभाग के मंत्री तेजस्वी यादव, सीएम नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पिछले तीन सालों में कई बार सड़क बनवाने के वायदे को याद दिलाते हुए चिट्ठी लिख चुके हैं। पर सड़क नहीं बन सकी।
इसी के विरोध में अक्टूबर में विनय ने अपने कपड़े उतार दिए और अपना कुर्ता केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पायजामा बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भिजवा दिया था।
विनय का कहना है कि जब सड़क बनना शुरू जाएगी, तो वह अपना कुर्ता केंद्रीय परिवहन मंत्री और पाजामा बिहार के मुख्यमंत्री से सम्मान के साथ वापस ले लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications