बिहार में झटके के बाद भाजपा ने 2024 में रखा 35 सीटों का लक्ष्य, अमित शाह ने दिया जीत का मंत्र
नई दिल्ली, 17 अगस्त। बिहार में सत्ता परिवर्तन होने के बाद जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी पार्टी प्रदेश में अपनी नई रणनीति बनाने में जुट गई है। जिस तरह से नीतीश कुमार ने भाजपा को झटका दिया है उसके बाद भारतीय जनता पार्टी रणनीति तैयार करने में जुट गई है कि कैसे प्रदेश में पार्टी को मजबूत किया जाए और 2024 के लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की जाए। इसी रणनीति को तैयार करने के लिए प्रदेस में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार बिहार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई।
Recommended Video

जेपी नड्डा-अमित शाह ने की चर्चा
भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। बिहार भाजपा कोर कमेटी की बैठक दिल्ली में पार्टी के मुख्यालय में मंगलवार को हुई। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। इन लोगों के अलावा बैठक में बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जयसवाल, बीएल संतोष, रविशंकर प्रसाद, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडे, जनक राम, नंद किशोर यादव सहित कई नेता शामिल हुए।

2024 का लक्ष्य तय
बैठक के बाद जयसवाल ने कहा कि बिहार में महागठबंधन लोगों को धोखा देने वाला गठबंधन है। भाजपा इसके खिलाफ सड़क पर उतरकर लड़ाई करेगी। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। बिहार कोर कमेटी की बैठक जेपी नड्डा और अमित शाह की अगुवाई में हुई। इस दौरान विस्तार से मुद्दों पर चर्चा हुई। यह हर किसी को पता है कि मौजूदा गठबंधन लोगों के साथ धोखा है, इस गठबंधन के जरिए लालू राज की पीछे के दरवाजे से एंट्री करने की कोशिश है।

लोकसभा का गणित
बता दें कि बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं, जिसमे से 17 सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि जदयू के पास 16 सीटें हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के पास 6 सीटें हैं और कांग्रेस के पास इस समय 1 सीट है। इससे पहले मंगलवार को बिहार में नीतीश कुमार की सरकार का कैबिनेट विस्तार हुआ। इसमे 31 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। नए मंत्रियों को बिहार राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान ने शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में राजद को 16 मंत्रीपद मिले हैं जबकि जदयू को 11 मंत्री पद। दो मंत्री पद कांग्रेस के खेमे में और एक मंत्री पद जीतन राम मांझी की पार्टी हम के खेमे में गई है। साथ ही एक निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

इन लोगों ने ली शपथ
राजद से तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, समीर कुमार, चंद्रशेखर, कुमार सर्वजीत, ललित यादव, सुरेंद्र प्रसाद, रामानंद यादव, जितेंद्र कुमार राय, अनीता देवी, सुधाकर सिंह और आलोक मेहता ने शपथ ली। जबकि कांग्रेस की ओर से आफाक आलम, मुरारी लाल गौतम ने शपथ ली। हम की ओर से संतोष सुमन ने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि बिहार की कैबिनेट में मुख्यंत्री को मिलाकर अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि भविष्य में भी कुछ विधायकों को मंत्री पद दिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications