Bihar News: मोरल ग्राउंड पर त्यागपत्र का मजाक उड़ाने वाले भी जेल से सरकार नहीं चला पाए- सुशील मोदी
Sushil Modi On Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। आप नेता इसे केंद्र सरकार की तानाशाही बता रहे हैं। वहीं भाजपा नेता आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।
सियासी बयानबाज़ी के बीच बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने भी सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार हुए हैं। इसके बाद भी इस्तीफा न देने पर अड़े हुए हैं, उन्हें तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए।

सुशील मोदी ने कहा कि दिल्ली सीएम को बर्खास्त किया जाना चाहिए या फिर दिल्ली राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए । उन्होंने कहा कि 24 घंटे बाद किसी भी मामले में गिरफ्तार हुए सामान्य सरकारी कर्मचारी को भी निलम्बित कर दिया जाता है।
अरविंद केजरीवाल हर लेवल पर कानून की अवहेलना करते हुए गिरफ्तार हुए हैं। गिरफ्तारी के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सीएम पद बने हुए हैं। इसके साथ जेल से ही सरकार चलाने का दुस्साहस भी कर रहे हैं।
सुशील कुमार मोदी ने कहा कि 1990 के दशक में चारा घोटाला के कारण बिहार के तत्कालीन सीएम लालू प्रसाद यादव को भी अपने पद से इस्तीफा देकर जेल जाना पड़ा था। जबकि वह मोरल ग्राउंड ( नैतिक आधार) पर इस्तीफ़ा सौंपने के लिए तैयार नहीं थे।
90 के दशक को याद करते हुए भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने नैतिकता का मजाक उड़ाते पलट कर सवाल किया था कि, मोरल ग्राउंड क्या होता है? क्रिकेट ग्राउंड और फुटबॉल ग्राउंड तो सुना भी है।
लालू प्रसाद यादव ने गिरफ्तार होने से पहले अपने पद से इस्तीफा दिया और पत्नी राबड़ी देवी को सीएम बनवाया। सुशील मोदी ने कहा कि इस तरह अरविंद केजरीवाल भी अपनी पत्नी या किसी दूसरे विश्वास पात्र को सीएम पद सौंप सकते हैं। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो उप-राज्यपाल को उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।
भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जो इंडिया गठबंधन हर बात में संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देता है, उस गठबंधन के नेता बताएं कि क्या केजरीवाल का आचरण लोकतंत्र को मज़बूत कर रहा है या उसका मज़ाक बना रहा है?











Click it and Unblock the Notifications