Bihar Politics: हिम्मत है तो RJD घोषणा करे कि उसे मंदिर जाने वालों के वोट नहीं चाहिए- सुशील मोदी
Bihar, RJD Politics: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पक्ष विपक्ष के बीच ज़ुबानी जंग जारी है। वहीं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राजद पर निशाना साधा है।
सुशील मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद के इशारे पर अगर राजद के विधायक-मंत्री राम मंदिर, देवी सरस्वती और रामचरित मानस पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं, तो पार्टी (राजद) सीधे यह एलान कर दे कि मंदिर जाने वाले हिंदुओं का उसे वोट नहीं चाहिए।

सुशील मोदी ने कहा कि मंदिर को गुलामी और शोषण का प्रतीक राजद कोटे के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर अगर मानते हैं, तो वह ऐसी पार्टी की गुलामी क्यों कर रहे हैं, जिस पार्टी के अध्यक्ष परिवार के साथ कभी तिरुपति मंदिर जाते हैं, तो कभी थावे देवी मंदिर में पूजा अर्चना करते हैं?
जिस शिक्षा मंत्री को उनके विभागीय अवर मुख्य सचिव ने औकात बता दी और कार्यालय आना बंद करा दिया, वह समाज में वैमनस्य बढाने वाली बयानबाज़ी कर "क्रांतिकारी" बनने की कोशिश कर रहे हैं। सुशील मोदी ने कहा कि राजद की नज़र में अगर मंदिर गुलामी का प्रतीक और शोषण की जगह है, तो दूसरे धर्मों के स्थानों के बारे में उनकी राय क्या है?
क्या वह घोषणा करेंगे कि पार्टी धर्मनिरपेक्ष नहीं, धर्म-रहित समाज बनाने की कोशिश करेगी? उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अपने 15 साल के राज में बिहार की शिक्षा को चौपट किया और सिर्फ चरवाहा स्कूल का निर्माण करवाया, उसके मंत्री और विधायक अब विद्यालय के महत्व पर 'ज्ञान' दे रहे हैं।
सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मंदिर का विरोध करने वाले लोग यह बतायें कि उन्हें स्कूल-अस्पताल बनवाने से रोक कौन रहा है? वह लोग यह बतायें कि सत्ता की दूसरी पारी में राजद के शिक्षा मंत्री ने कितने विद्यालयों का निर्माण कराया, इसी दल के स्वास्थ्य मंत्री ने डेढ साल में कितने नये अस्पतालों का निर्माण करवाया?












Click it and Unblock the Notifications