शाहनवाज हुसैन का बड़ा आरोप, तेजस्वी यादव के घर में विधायक किडनैप, पुलिस अपना काम कर रही
बिहार में आज नीतीश सरकार का फ्लोर टेस्ट है। फ्लोर टेस्ट से पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात है। इस बीच भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेजस्वी यादव ने विधायकों को किडनैप किया है, ऐसे में पुलिस तो अपना काम करेगी ही।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अगर आप विधायकों को किडनैप कर लेंगे और विधायक का भाई पुलिस से शिकायत करेगा तो क्या पुलिस हाथ पर हाथ रखकर बैठी रहेगी। किसी भी विधायक को अपने घर में बांधकर रखिएगा तो पुलिस नहीं जाएगी। पुलिस अपना काम कर रही है।

राजद और कांग्रेस के पास कोई आंकड़ा है नहीं, ये लोग सिर्फ भ्रम फैला रहे हैं। विधानसभा के सदन पर हम बहुमत साबित करेंगे, इसमे कोई शक की गुंजाइश नहीं है। हमारे पास जो आंकड़े हैं वो जो लोग उम्मीद पाले हुए हैं वो मायूस हो जाएंगे। हमारे आंकड़े हमारे नंबर से कहीं ज्यादा निकलने वाले हैं।
वहीं जब शाहनवाज हुसैन से पूछा गया कि कुछ एनडीए के विधायक गायब हैं, उनका फोन ऑफ है तो शाहनवाज ने कहा कि सब संपर्क में हैं, कोई नॉट रिचेबल नहीं है। सिर्फ भ्रम पैदा किया जा रहा है। कोई भ्रम में ना रहे। एनडीए के विधायक एकजुट हैं। राजद और कांग्रेस के विधायक लापता हैं, वो लोग अपनी फिक्र करें।
गौर करने वाली बात है कि पिछले महीने नीतीश कुमार ने महागठबंधन से अलग होकर एकबार फिर से एनडीए का हिस्सा बन गए। उन्होंने रिकॉर्ड 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज नीतीश कुमार को अपनी सरकार का बहुमत साबित करना है।
आज होने वाले फ्लोर टेस्ट से पहले जदयू के विधायकों को पटना के चाणक्य होटल में रखा गया है। प्रदेश में विधानसभा की 243 सीटें हैं। एनडीए का दावा है कि उसके पास 128 विधायकों का समर्थन है। जबकि महागठबंधन के पास 115 विधायकों का समर्थन है। बहुमत के लिए 122 विधायकों के समर्थन की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications