Bihar: कार्ति चिदंबरम पर सम्राट चौधरी का पलटवार, पूछा- CBI और ED का गठन किसने किया?
पाकिस्तान में सियासी उठापटक मची हुई है। जिसके तहत शनिवार को वहां के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनको भ्रष्टाचार के मामले में सजा हुई है। इस पर कांग्रेस नेता और पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने एक बयान दिया था, जिस पर अब बिहार बीजेपी चीफ सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के लिए ये कहना बिल्कुल स्वाभाविक है। सीबीआई और ईडी का गठन किसने किया? अगर आप कुछ गलत करते हैं, तो क्या आप जेल नहीं जाएंगे? आपराधिक और भ्रष्ट लोगों को जेल जाना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि इस देश ने पूरा इतिहास देखा है। 150 सरकारों को कांग्रेस पार्टी ने बर्खास्त कर दिया। कितनी पार्टियां कांग्रेस ने तोड़ी हैं, ये उनको याद नहीं है। लोकतंत्र है, जनता के बीच में सब जाएंगे, जनता के बीच में नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद मिला। जनता के बीच में कल्याण का काम हो रहा है। हम फिर से जीतेंगे।
क्या था कार्ति का बयान?
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद कार्ति ने ट्वीट कर लिखा कि पाकिस्तान भी प्रमुख विपक्षी नेताओं को चुनाव नहीं लड़ने देना चाहता है, वो भारत के मॉडल को फॉलो कर रहा है।
इमरान को कितने साल की सजा?
आपको बता दें कि तोशाखाना केस में इमरान खान को इस्लामाबाद की कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई। जिसके बाद उनको लाहौर में गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसे में वहां पर विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी है। उनका आरोप है कि पाकिस्तान सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है, इसी वजह से इमरान को सजा दिलाई गई।
राहुल गांधी से तुलना
वैसे कार्ति ने किसी का नाम नहीं लिखा, लेकिन वो राहुल गांधी का मुद्दा उठा रहे थे। उनको भी सूरत कोर्ट ने मोदी सरनेम केस में दो साल की सजा सुनाई थी। जिससे उनकी सांसदी चली गई। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उस सजा पर रोक लगा दी है।












Click it and Unblock the Notifications