लालू ने पूर्णिया से बीमा भारती को बनाया उम्मीदवार, कांग्रेस नेता पप्पू यादव को बड़ा झटका
बिहार में एनडीए का मुकाबला कर रहे महागठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं है। डीयू से इस्तीफा देकर आरजेडी में शामिल होने वाली बीमा भारती को पूर्णिया का टिकट मिल गया है। बीमा भारती को बुधवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सिंबल दे दिया।
आरजेडी के इस फैसले से पूर्व सांसद पप्पू यादव को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस में शामिल हुए पप्पू यादव ने कहा था कि वे किसी भी कीमत पर पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ेंगे। पप्पू यादव ने पिछले दिनों सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था- वो दुनिया छोड़ देंगे पर पूर्णिया नहीं।

रुपौली विधायक ने कहा कि आरडेडी ने उन्हें सिंबल दे दिया है। 3 अप्रैल को वह नामांकन करेंगी। बुधवार को पूर्णिया के राजद कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करके उन्होंने खुले मंच से इस बात की घोषणा कर दी कि वह पूर्णिया से चुनाव लड़ने जा रही हैं। बीमा भारती ने ये भी कहा कि उनकी पप्पू यादव से भी बात हुई है।
बीमा भारती ने कहा कि मैंने पप्पू यादव से बस इतना ही कहा है कि चुनाव में बहन का साथ दें। पप्पू यादव की ओर से की गई दावेदारी पर बीमा भारती ने सिर्फ इतना ही कहा कि उन्हें पप्पू यादव और उनकी पार्टी का पूरा समर्थन मिलेगा। आरजेडी सिंबल मिलने के बाद काफी खुश नजर आ रही बीमा भारती ने दावा किया कि वो यह सीट भारी अंतर से जीतेंगी।
आपको बता दें कि पूर्णिया सीट पर पप्पू यादव भी दावा कर रहे हैं। लेकिन इसमें लालू यादव अड़ंगा लगा रहे हैं। लालू यादव चाहते हैं कि पप्पू यादव मधेपुरा से चुनाव लड़ें। लेकिन पप्पू यादव इसके लिए हरगिज तैयार नहीं हैं।
पप्पू यादव का कहना है कि वो काफी लंबे वक्त से पूर्णिया लोकसभा सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में वे किसी और सीट से चुनाव नहीं लड़ने वाले हैं। बीमा भारती को पूर्णिया लोकसभा सीट के लिए सिंबल मिलने के बाद अब पप्पू यादव को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं।
ऐसा भी कहा जा रहा है कि पप्पू यादव को पूर्णिया की जगह सुपौल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऑफर मिल सकता है। हालांकि पप्पू यादव इसके लिए तैयार होंगे या नहीं, इसे लेकर बस कयास लगाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications