Bihar News: चौकीदारों पर लाठीचार्ज से भड़की सियासत! बिहार विधानसभा में हुआ जोरदार हंगामा
Bihar News: बिहार विधानसभा परिसर फिर सियासी टकराव का केंद्र बन गया। बजट सत्र के बीच विपक्ष, खासकर राजद विधायकों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा गेट के बाहर काफी देर तक नारेबाजी होती रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। विपक्षी नेताओं ने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।
विवाद की जड़ एक दिन पहले चौकीदारों के प्रदर्शन पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर है। राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किया गया, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक और दमनात्मक कदम है। उन्होंने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग उठाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही।

बिहार में विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही 24 फरवरी को सियासी माहौल गरमा गया। सदन की शुरुआत से पहले विपक्षी विधायकों ने परिसर में इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे विधायकों ने अपने मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की, जिससे कार्यवाही से पहले ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया।
सदन में भी टकराव के संकेत
सत्ता पक्ष ने विपक्ष के प्रदर्शन को अनावश्यक हंगामा बताया, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे को सदन के भीतर भी जोरशोर से उठाने की तैयारी में है। संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में बजट सत्र के दौरान यह मामला और गरमा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications