Bihar Today: जाति जनगणना की घोषणा से बिहार की राजनीति गरमाई, IAS संजीव हंस पर एक और केस दर्ज
Bihar Today News: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा जाति जनगणना की घोषणा के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष का कहना है कि साल के अंत में राज्य में होने वाले चुनावों को लेकर NDA की सरकार ने जाति जनगणना कराने का फैसला किया है। हालांकि भाजपा का कहना है कि अगर चुनाव की वजह से जाति जनगणना का फैसला किया गया होता तो लोकसभा चुनाव के वक्त ही कर लिया जाता। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव जाति जनगणना का क्रेडिट लेने में लगे हुए हैं लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके सामने ये ऑप्शन नहीं छोड़ा है।
एनडीए सरकार द्वारा जाति जनगणना कराने के संकेत ने बिहार की राजनीति को नई दिशा दे दी है। भाजपा ने इस मुद्दे को अपने नियंत्रण में लेकर विपक्षी दलों खासकर आरजेडी और कांग्रेस की रणनीति को झटका दिया है, जो अब तक इसे सामाजिक न्याय के एजेंडे के रूप में भुना रहे थे। बिहार में पहले ही जातीय सर्वे हो चुका है, जो नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की साझा कोशिश थी। अब केंद्र की ओर से इस दिशा में कदम बढ़ाने से विपक्ष का यह मुद्दा भाजपा के पाले में जाता दिख रहा है। यह कदम भाजपा की "सोशल इंजीनियरिंग" रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे मंडल बनाम कमंडल की बहस को नया मोड़ मिल सकता है।

जाति जनगणना के अलावा भी बिहार की आज शुक्रवार 2 मई की कई बड़ी खबरें हैं। आइए डालें बिहार की बड़ी खबरों पर एक नजर...!
🔴 IAS अधिकारी संजीव हंस पर एक और केस दर्ज
बिहार के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव हंस पर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। अब उन पर यह आरोप है कि उन्होंने जल जीवन हरियाली अभियान से जुड़ी योजनाओं के ठेके भारी कमीशन लेकर दिए। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने नियमों को दरकिनार कर चहेते ठेकेदारों को काम बांटा और करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी संजीव हंस पर शराबबंदी से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं।
🔴 बिहार में बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है। पटना सहित कई जिलों में अगले 24 के भीतर तेज बारिश, आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में 03 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग (IMD) ने कुछ जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गया, भागलपुर, नालंदा, सीवान, समस्तीपुर और पश्चिम चंपारण जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
🔴 नीट पेपर लीक: संजीव मुखिया CBI रिमांड पर
नीट पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी संजीव मुखिया को CBI ने 4 दिन की रिमांड पर लिया है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस दौरान पेपर लीक के नेटवर्क, बाकी शामिल लोगों और पूरे षड्यंत्र से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं। संजीव मुखिया पहले भी कई परीक्षा घोटालों में शामिल रहा है और उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं। CBI इस बार पेपर के स्रोत, लीक की टाइमिंग और फॉरवर्डिंग चैनल्स की गहराई से जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications