Bihar Today: तेजस्वी यादव के बयान से गरमाई बिहार की सियासत, चुनाव से राजनीति लेगी कौन सा रंग?
Bihar Today: पटना के गांधी मैदान में रविवार को हुई 'वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ' रैली अब बिहार की सियासत में भूचाल लेकर आई है। इस मंच से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने संसद में पास प्रस्तावों को लेकर जो तीखा बयान दिया, उसने सत्ता और विपक्ष के बीच तनाव को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
तेजस्वी के इस बयान पर जहां एनडीए नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी, वहीं खुद तेजस्वी ने मतदाता सूची से लेकर लोकतंत्र पर हमले का आरोप तक जड़ दिया। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने पासमंदा मुस्लिमों को साधने की रणनीति तेज कर दी है, तो जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर सीधे प्रधानमंत्री मोदी को घेरते नजर आए। बिहार चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाजी और वादों की होड़ और भी तेज हो गई है।

गांधी मैदान की रैली से शुरू हुआ विवाद
पटना के गांधी मैदान में रविवार को हुई 'वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ' रैली ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस रैली में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने संसद में पास प्रस्तावों को लेकर तीखा बयान दिया, जिस पर अब सियासी संग्राम छिड़ गया है।
ये भी पढ़ें: 'आने वाला 5 साल मेरे राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगा', चिराग पासवान बोले- मेरे खून का एक-एक कतरा बिहार के लिए
मंगल पांडे ने तेजस्वी पर साधा निशाना
बिहार के स्वास्थ्य और कानून मंत्री मंगल पांडे ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका बयान सीधे तौर पर संसद और संविधान को चुनौती देने जैसा है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव ने गांधी मैदान से कहा कि संसद में पास प्रस्तावों को वह कूड़ेदान में फेंक देंगे। आखिर लोकतंत्र में किसी की इतनी हिम्मत कैसे हो सकती है?"
वोटर लिस्ट पर तेजस्वी का सवाल
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग द्वारा बिहार में मतदाता सूची को दोबारा तैयार करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 22 साल बाद इतनी बड़ी प्रक्रिया इतनी जल्दी क्यों शुरू की जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम एनडीए सरकार की एक साजिश है, जिससे गरीब और पिछड़े वर्गों के मतदाताओं को सूची से बाहर किया जा सके।
तेजस्वी ने जताई प्रक्रिया पर शंका
तेजस्वी यादव ने बताया कि 2003 में जब मतदाता सूची दोबारा बनी थी, तो उसे पूरा करने में दो साल लगे थे। लेकिन अब चुनाव आयोग सिर्फ 25 दिनों में यह काम करना चाहता है, जो पूरी प्रक्रिया को संदेहास्पद बना रहा है।
भाजपा का पासमंदा मुस्लिमों पर ध्यान
वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को कहा कि पार्टी राज्य की राजनीति में पासमंदा मुस्लिमों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि बिहार की मुस्लिम आबादी में पासमंदा समुदाय की संख्या 70 प्रतिशत से ज्यादा है, और भाजपा इस वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहती है।
प्रशांत किशोर का पीएम मोदी पर तंज
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीवान यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने न तो बेरोजगारी पर कुछ कहा और न ही बिहार से छात्रों के पलायन पर कोई बात की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "मोदी जी हेलिकॉप्टर से उतरे, चार बातें की और चले गए। बिहार की जनता अब झांसे में नहीं आने वाली।"
गया में चुनावी वादा
प्रशांत किशोर ने सोमवार को गया में एक बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो दिसंबर 2025 से राज्य में 60 साल से ऊपर के सभी लोगों को ₹2000 मासिक पेंशन मिलेगी। साथ ही 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में भी मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
बिहार में इस साल के अंत में चुनाव संभावित
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव इसी साल के अंत में होने वाले हैं। इसको लेकर जन सुराज पार्टी समेत सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं और पूरे राज्य में जोरदार प्रचार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार वोटर लिस्ट पर बड़ा अपडेट: 4.96 करोड़ मतदाताओं को नहीं देने होंगे दस्तावेज, चुनाव आयोग ने साफ किया नियम












Click it and Unblock the Notifications